गीता भवन चौराहे पर गूंजी छात्रों की आवाज़, ‘छात्रों की गूंज’ के लिए युवाओं ने लिया संकल्प

गीता भवन चौराहे पर गूंजी छात्रों की आवाज़, ‘छात्रों की गूंज’ के लिए युवाओं ने लिया संकल्प

गीता भवन चौराहे पर गूंजी छात्रों की आवाज़, ‘छात्रों की गूंज’ के लिए युवाओं ने लिया संकल्प

गीत, कविता, मिमिक्री और बीटबॉक्सिंग से युवाओं ने दिखाई प्रतिभा; शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं पर हुआ संवाद

इंदौर। गीता भवन चौराहे पर गुरुवार को आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ आह्वान कार्यक्रम में शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों एवं आसपास के हॉस्टलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी बात खुलकर रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभा, विचारों और रचनात्मकता को सामने लाना रहा।

कार्यक्रम में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भाटिया ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, युवाओं की चुनौतियों और भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि यह केवल संवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का भी शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने गीत प्रस्तुत किए, मिमिक्री और बीटबॉक्सिंग के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया, वहीं युवा लेखकों ने अपनी स्वयं रचित कविताओं के माध्यम से अपनी भावनाओं और विचारों को आवाज़ दी।

गीता भवन चौराहा इस दौरान गीत, कविता, कला और युवाओं के विचारों से जीवंत नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में सहभागिता के लिए अपना पंजीयन भी कराया।

आयोजकों ने बताया कि 19 सितंबर को आयोजित होने वाले राहुल गांधी जी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न छात्र क्षेत्रों, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों में संवाद एवं आह्वान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने कहा कि उन्हें अपनी बात रखने के लिए मंच मिलना और उनकी प्रतिभा को सम्मान दिया जाना उत्साहजनक अनुभव रहा। युवाओं ने कहा कि वे अपने विचारों और आवाज़ को बड़े मंच तक पहुंचाने के लिए ‘छात्रों की गूंज’ से जुड़ने के लिए उत्साहित हैं।