बुरहानपुर में वेतन विसंगतियों को लेकर आक्रोश शिक्षकों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, पूर्ण वेतन की मांग
बुरहानपुर में वेतन विसंगतियों को लेकर आक्रोश
शिक्षकों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, पूर्ण वेतन की मांग
बुरहानपुर जिला शिक्षा विभाग के खकनार विकासखंड में कार्यरत शिक्षकों ने वेतन विसंगतियों और पूर्ण वेतन न मिलने को लेकर मोर्चा खोल दिया है। अपनी मांगों की उपेक्षा से नाराज बड़ी संख्या में शिक्षक कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री व प्रशासन के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
शिक्षकों का कहना है कि उनकी सेवा के 3 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं। नियमानुसार समयावधि पूर्ण होने के बाद उन्हें पूरा वेतन मिलना चाहिए, लेकिन इसके बावजूद अब तक उन्हें आधा वेतन ही दिया जा रहा है। जिसके कारण शिक्षक आर्थिक तंगी का सामना करने और आधे वेतन पर ही जीवनयापन करने को मजबूर हैं।
कई बार लगा चुके हैं गुहार, नहीं हुई सुनवाई
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने बताया कि वे इस संबंध में कई बार शिक्षा विभाग, ट्राइबल (जनजातीय कार्य) विभाग और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित में आवेदन देकर समस्या से अवगत करा चुके हैं। अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद भी जब कोई ठोस कार्रवाई या सुनवाई नहीं हुई, तो उन्हें विवश होकर कलेक्टर की शरण में आना पड़ा।
शिक्षकों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि उनकी वेतन विसंगतियों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए और पिछले कई महीनों से रुका हुआ पूरा वेतन तत्काल जारी किया जाए।


