अग्रवाल समाज के साढ़े सात हजार से अधिक बंधुओं ने समय रहते
अग्रवाल समाज के साढ़े सात हजार से अधिक बंधुओं ने समय रहते
मधुमेह, मोटापा, ह्रदय एवं किडनी-लीवर की जाँच का लाभ उठाया
अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति, बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन की ओर से तीन माह से चलाए जा रहे अभियान का हुआ समापन
इंदौर। यह संभवतः देश में अपने किस्म का पहला अभियान है, जिसके माध्यम से अग्रवाल समाज के साढ़े सात हजार से अधिक बंधुओं ने समय रहते मधुमेह, मोटापा, ह्रदय, किडनी, लीवर एवं शरीर के अन्य अंगों से जुड़ी गंभीर बीमारियों का संज्ञान लेकर स्वयं को स्वस्थ बनाने की दिशा में सार्थक पहल की है। इससे भी बड़ी बात यह है कि बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के प्रमुख और अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक विनोद अग्रवाल ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती नीनादेवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में लगातार तीन माह तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पूरी तरह निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन कर अन्य सक्षम समाजों के लिए भी एक अनुकरणीय और प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की है जिसके लिए उनका जितना अभिनन्दन और आभार व्यक्त किया जाए, कम ही होगा। इस अनूठे सेवा प्रकल्प ने इंदौर में अग्रवाल समाज को एक नया आयाम दिया है जिसकी ख्याति अब पूरे देश में पहुँच रही है। निश्चित ही पीड़ित मानवता की सेवा की दिशा में विनोद जी अग्रवाल का यह संकल्प समाज बंधुओं के हित में किसी वरदान से कम नहीं है।
अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल ने गीता भवन सत्संग सभागृह में बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं हेल्थ फॉर भारत फाउंडेशन के सहयोग से श्रीमती नीना देवी अग्रवाल की पावन स्मृति में आयोजित सातवें निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं जांच शिविर के समापन सत्र में उक्त प्रेरक विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि हेल्थ फॉर भारत फाउंडेशन की प्रमुख डॉ. विनिता कोठारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति एवं बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के तत्वावधान में श्रीमती नीनादेवी की स्मृति में गत 21-22 फरवरी से यह अभियान चलाया जा रहा था। गीता भवन सहित शहर में अब तक 7 बड़े शिविरों का आयोजन हुआ जिनमें कुल 7563 समाज बंधुओं ने आकर 32 तरह की निशुल्क जांचों का लाभ उठाकर मधुमेह एवं मोटापे सहित विभिन्न रोगों से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ने का सार्थक प्रयास किया। इन सभी शिविरों में इन साढ़े सात हजार समाज बंधुओं ने पहुंचकर मधुमेह, मोटापा, थायराइड, किडनी, लीवर, हृदय एवं रक्तचाप से जुडी 32 जांचे कराई। समय रहते इस सभी बीमारियों का पता लगने से समाज बंधुओं को कितना लाभ पहुंचा है इसका आंकलन सहज ही लगाया जा सकता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी विनोद अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के प्रत्येक क्षेत्र में वैसे तो महिलाऐं आगे रहती हैं लेकिन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के मामले में पुरुषों ने अग्रणी रहने का कीर्तिमान बनाया हैं। इस शिविर में मधुमेह और मोटापा के अलावा किडनी, लीवर, ह्रदय, एनीमिया सहित अन्य बीमारियों की भी पहचान हुई है। इन शिविरों में जिन समाज बंधुओं ने अपनी जांचे कराई है, उन्हें फाउंडेशन की ओर से पूरे एक वर्ष तक निशुल्क चिकित्सीय परामर्श और सहयोग मिलता रहेगा। इसके लिए शहर में 5 स्थानों पर निशुल्क परामर्श केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। शिविर में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, समाज बंधुओं, पैरामेडिकल स्टाफ एवं समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा दिए गए सहयोग के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संकल्प व्यक्त किया कि वे अपने समाज बंधुओं के हित में अपना सोच और चिंतन लगातार जारी रखेंगे। कार्यक्रम में गीता भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष राम ऐरन, दिनेश मित्तल, अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोयल, गोविन्द सिंघल, अरविन्द बागड़ी, राजेश बंसल, विभिन्न अग्रवाल संगठनों की ओर से राजू समाधान, अजय मंगल, अरविन्द वेल्यूअर, शीतल तोडीवाला, गोपाल गोयल, हरि अग्रवाल, अशोक गोयल सहित अन्नपूर्णा क्षेत्र अग्रवाल महासंघ विजयनगर, अग्रवाल संगठन पीपल्याहाना, अग्रसेन क्लब, पश्चिम क्षेत्र अग्रवाल संगठन के अलावा जैन समाज की ओर से वीरेन्द्र जैन एवं नरेन्द्र भंडारी सहित अनेक समाज बंधु भी विशेष रूप से उपस्थित थे। गीता भवन के शिविर में पहले दिन 501 और दूसरे दिन 669 लोगों ने अपनी जांचें कराई। प्रारम्भ में सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर शिविर का शुभारम्भ किया। संचालन नेहा मंडलोई ने किया और अंत में आभार माना शिविर संयोजक किशोर गोयल ने।


