इंदौर ने अपने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का किया भव्य सम्मान, कार्तिक जोशी को 11 लाख रुपये देने की घोषणा
इंदौर ने अपने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का किया भव्य सम्मान, कार्तिक जोशी को 11 लाख रुपये देने की घोषणा
इंदौर। Academy of Indore Marathoners (AIM) द्वारा राजबाड़ा पर शहर के दो गौरवशाली खिलाड़ियों, अल्ट्रा रनर कार्तिक जोशी एवं मध्यप्रदेश की प्रथम महिला आयरनमैन प्रीति खंडेलवाल का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 रनर्स एवं साइक्लिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर दोनों खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।
एकेडमी के अध्यक्ष डॉ. अरुण अग्रवाल ने बताया कि इंदौर के खिलाड़ी आज राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान करना पूरे शहर का दायित्व है, जिससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री माननीय श्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर के महापौर माननीय श्री पुष्यमित्र भार्गव ने दोनों खिलाड़ियों का पुष्पहार एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कार्तिक जोशी की कारगिल से कन्याकुमारी तक की ऐतिहासिक रनिंग यात्रा की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन हेतु 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कार्तिक जैसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और उनकी उपलब्धियां पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं।
वहीं उन्होंने प्रीति खंडेलवाल को महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि उन्होंने आयरनमैन जैसी विश्व की सबसे कठिन खेल प्रतियोगिताओं में से एक को पूर्ण कर यह सिद्ध किया है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियां प्राप्त कर सकती हैं। उनकी सफलता प्रदेश की हजारों बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगी।
कार्यक्रम के दौरान एकेडमी के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार से मांग की कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य स्तर पर एक विशेष समिति का गठन किया जाए, जो योग्य खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति (Scholarship), प्रशिक्षण सहायता एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करे।
सम्मान समारोह में कार्तिक जोशी एवं प्रीति खंडेलवाल ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्तिक जोशी ने अपनी लंबी एवं चुनौतीपूर्ण रनिंग यात्रा के अनुभव बताते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास से असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं। वहीं प्रीति खंडेलवाल ने आयरनमैन प्रतियोगिता की तैयारी, संघर्ष और सफलता की यात्रा साझा करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते।
सम्मान समारोह के पश्चात सभी रनर्स एवं साइक्लिस्टों ने दोनों खिलाड़ियों के सम्मान में राजबाड़ा से दशहरा मैदान तक रन एवं साइक्लिंग रैली आयोजित की। सैकड़ों प्रतिभागियों ने कार्तिक जोशी के साथ दौड़ लगाकर उनके प्रति अपना सम्मान एवं समर्थन व्यक्त किया। पूरे मार्ग में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन Academy of Indore Marathoners के श्री विशाल मुदगल ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समारोह ने यह संदेश दिया कि इंदौर अपने खिलाड़ियों की उपलब्धियों का सम्मान करना जानता है और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सदैव तत्पर है।


