दादू महाराज के पावन सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं गुरु वंदना के साथ संपन्न

दादू महाराज के पावन सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं गुरु वंदना के साथ संपन्न

दादू महाराज के पावन सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं गुरु वंदना के साथ संपन्न

इंदौर। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर डॉ. दादू महाराज संस्थान द्वारा गांधी हॉल में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं सम्मान समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में गरिमामय रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर परम पूज्य श्री दादू महाराज के पावन सान्निध्य में भक्तों ने भाव-विभोर होकर पाद्य पूजन किया तथा गुरु कृपा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः दत्त अवतारी परम पूज्य श्री नाना महाराज तरानेकर जी के चित्र पर पूजन एवं माल्यार्पण से हुआ। इसके पश्चात सामूहिक मंत्र जाप, ध्यान एवं गुरु वंदना का आयोजन हुआ, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा। दोपहर में गुरु मंत्र दीक्षा, शिष्यों की भेंट, पूजन एवं प्रसाद वितरण का क्रम श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। 

संध्याकालीन मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शनि चालीसा, आरती एवं मंत्र जाप के पश्चात डॉ. दादू महाराज ने अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायी प्रवचनों में गुरु की महिमा, सेवा, संस्कार एवं सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके प्रेरक उद्बोधन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रेरणा दी।

इसके पश्चात विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों का दादू महाराज के कर-कमलों से अभिनंदन पत्र, शॉल, श्रीफल, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया। 

समाज सेवा के क्षेत्र में घनश्याम धनगर एवं नरेन्द्र कंधारी, चिकित्सा सेवा के लिए डॉ. पूनम माथुर, वर्षों से सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जन्मदिन की शुभकामनाएं पहुंचाने वाले धनंजय गुंजाल तथा धर्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले राजेश छोड़वानी को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आए सभी भक्तों को निःशुल्क श्रीमद्भगवद्गीता का भी वितरण साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं सनातन संस्कृति के संवर्धन का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं को शमी एवं बिल्वपत्र के पौधों का वितरण भी किया गया। श्रद्धालुओं ने इन पवित्र पौधों को श्रद्धापूर्वक ग्रहण कर उनके संरक्षण एवं रोपण का संकल्प लिया।

समारोह में प्रदेश के मंत्री महापौर पुष्यमित्र भार्गव, महापौर प्रतिनिधि भरत पारख, पार्षद कंचन गिदवानी, पार्षद योगेश गेंदर, एडवोकेट मनोज द्विवेदी, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम एवं पदाधिकारी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश पाल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने दादू महाराज के आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्थान के सेवा, संस्कार एवं जनकल्याण के प्रयासों की प्रशंसा की।

रात्रि में श्रद्धालुओं ने महामंडलेश्वर श्री दादू महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भेंट एवं पूजन का क्रम देर रात तक श्रद्धा एवं भक्ति के साथ चलता रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती अलका सैनी एवं विजय अंबेकर ने किया।