इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा  "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)" अभियान का किया भव्य समापन

इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा  "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)" अभियान का किया भव्य समापन

▪️*इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा  "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)" अभियान का किया भव्य समापन, शहर ने बनाए 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड*

▪️*8534 लोगों की मानव श्रृंखला, इतने ही लोगों को पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के जागरूकता व्याख्यान और 1,75,451 की ई-शपथ के तीन वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ इंदौर ने रचा नया इतिहास*


▪️*अभियान में 563 जागरूकता कार्यक्रम के जरिए 92 लाख से अधिक लोगों तक प्रत्यक्ष एवं अभी तक लगभग 13 करोड़ लोगों तक सोशल मीडिया के माध्यम से पहुँचा नशामुक्ति का संदेश*

▪️*समापन समारोह में पुलिस कमिश्नर इंदौर ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ* 

▪️*विभिन्न प्रतियोगिताओं के उत्कृष्ट प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का किया सम्मान*

इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की मंशानुसार तथा पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में 15 से 30 जुलाई तक संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)" अभियान का इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सफलतापूर्वक संचालन किया गया। अभियान का भव्य समापन  ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पुरस्कार वितरण एवं संकल्प समारोह के साथ सम्पन्न हुआ।

पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर  संतोष कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध)  आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था)  मयंक अवस्थी, सभी पुलिस उपायुक्तगण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तगण, सहायक पुलिस आयुक्तगण, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन के प्रतिनिधिगण सुश्री सुचिता शुक्ला व सुश्री अपूर्वा मेनन, नगर सुरक्षा समिति, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, मीडिया एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी एवं शिक्षक तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों सहित लगभग 2500 से अधिक लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस कमिश्नर  संतोष कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) श्री राजेश दण्डोतिया ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अभियान की प्रमुख उपलब्धियों एवं जनसहभागिता पर प्रकाश डाला। इस दौरान विभिन्न कलाकारों द्वारा नशामुक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी समाज को प्रभावी संदेश दिया गया।

अपने उद्बोधन में पुलिस कमिश्नर  संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इंदौर पुलिस ने अभियान के दौरान शहर के स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, कॉलोनियों, बस्तियों, गार्डनों, प्रमुख बाजारों, मॉल्स, औद्योगिक इकाइयों, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों, स्पोर्ट्स अकादमियों, जेल एवं पर्यटन स्थलों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति व्यापक जनजागरूकता का अभियान चलाया।

संतोष कुमार सिंह  ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जनसंवाद, जागरूकता रैली, मानव श्रृंखला, बाइक रैली, कार रैली, मैराथन, ई-शपथ, नुक्कड़ नाटक, शॉर्ट फिल्म, रील्स, पेंटिंग, रंगोली, निबंध, स्लोगन, हस्ताक्षर अभियान, सेल्फी पॉइंट एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान इंदौर ने जागरूक नागरिकों की जनभागीदारी के दम पर तीन ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किए। 
 पहला-8534 नागरिकों द्वारा बनाई गई मानव श्रृंखला;
  दूसरा- इन्हीं 8534 लोगों को पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा एक साथ नशे के विरुद्ध जागरूकता व्याख्यान प्रदान करना; तथा
 तीसरा-1,75,451 नागरिकों द्वारा सामूहिक ई-शपथ लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेना। 
       इन तीनों उपलब्धियों के लिए प्राप्त वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाणपत्र भी समारोह के दौरान वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन की प्रतिनिधि सुश्री सुचिता शुक्ला एवं सुश्री अपूर्वा मेनन द्वारा, पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह को प्रदान किए गए।

इस दौरान पुलिस कमिश्नर इंदौर ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान 563 भौतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से 92 लाख से अधिक लोगों तक प्रत्यक्ष रूप से नशामुक्ति का संदेश पहुँचा, जबकि सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से यह संदेश अभी तक लगभग 13 करोड़ (व्यूज़) लोगों तक पहुँच चुका है।

समारोह में पुलिस कमिश्नर  संतोष कुमार सिंह ने उपस्थित सभी नागरिकों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, मीडिया, नागरिकों एवं पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही समाज को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से मुक्त कराया जा सकता है।

इस अवसर पर अभियान में उल्लेखनीय सहयोग देने वाले संस्थानों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों तथा पेंटिंग, निबंध, स्लोगन, रंगोली, शॉर्ट फिल्म एवं रील्स प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का यह सफल समापन केवल एक कार्यक्रम का अंत नहीं, बल्कि नशामुक्त, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए इंदौर पुलिस एवं शहरवासियों के सामूहिक संकल्प का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया।