जम्बूडी हप्सी स्थित अखंड धाम की गौशाला एवं मंदिर के लिए अनेक समाजसेवी बंधु आगे आए
जम्बूडी हप्सी स्थित अखंड धाम की गौशाला एवं मंदिर के लिए अनेक समाजसेवी बंधु आगे आए
राधा कृष्ण, खाटू श्याम, राम दरबार एवं शिव दरबार की प्रतिमाओं के साथ ही प्याऊ की भी स्थापना होगी
इंदौर। बिजासन रोड स्थित अविनाशी अखंड धाम आश्रम द्वारा ग्राम जम्बूडी हप्सी में निर्माणाधीन गौशाला एवं मंदिर के लिए अनेक समाजसेवी बंधुओं ने सेवा एवं सहयोग के लिए हाथ बढ़ाए हैं। रविवार को गौशाला परिसर में आयोजित बैठक में राधा कृष्ण, खाटू श्याम, राम दरबार एवं शिव दरबार की प्रतिमाएं स्थापित करने के साथ ही एक प्याऊ बनाने का निर्णय भी लिया गया।
आश्रम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरुप, व्यवस्था प्रभारी हरि अग्रवाल एवं दीपक जैन टीनू ने बताया कि गाँव में निर्माणाधीन मंदिर के तीनों शिखर व प्लास्टर का कार्य पूरा हो चुका है। मंदिर के शेष कार्य एवं मूर्तियों की स्थापना के लिए आयोजित बैठक में मंदिर निर्माण को मूर्तरूप देने हेतु चर्चा की गई जिसमें समाजसेवी विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, जगदीश गोयल बाबश्री, अशोक गोयल, राजेश गर्ग, मुरलीधर धामानी, राजेंद्र सोनी, विनय जैन, राजेंद्र तोषनीवाल, आनंद खंडेलवाल, श्रीमती ज्योति प्रतीक श्रीवास्तव, श्रीमती कोमल सुरेश अग्रवाल एवं श्रीमती नीलम दुबे ने मंदिर निर्माण में हरसंभव सहयोग देने के संकल्प व्यक्त किए। मुख्य रूप से राजेंद्र तोषनीवाल ने फ्लोरिंग में लगने वाले मार्बल व राधा कृष्ण की प्रतिमा, श्रीमती कोमल अग्रवाल ने गौशाला के जीर्णोद्धार तथा प्याऊ के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया। गाँव के पूर्व सरपंच राधेश्याम पटेल एवं अन्य ग्रामवासियों ने भी मंदिर निर्माण में सहयोग करने का वचन दिया। संचालन हरि अग्रवाल ने किया और आभार माना स्वामी राजानंद ने। इस मौके पर महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरुप ने जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट द्वारा गौशाला में बोरिंग खनन के लिए दिए गए सहयोग के लिए उनके प्रति साधुवाद व्यक्त किया और मंदिर निर्माण की विस्तृत योजना बताई।


