विद्यार्थियों को किया गया स्वच्छता के प्रति जागरूक
*स्वच्छ सर्वेक्षण*
*आयुक्त द्वारा जीरो वेस्ट गरिमा विद्या विहार स्कूल का अवलोकन*
*विद्यार्थियों को स्वच्छता की दिलाई शपथ*
*विद्यार्थियों को किया गया स्वच्छता के प्रति जागरूक
*
इंदौर । आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में *आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा गरिमा विद्या विहार स्कूल* में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ स्वच्छता विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयुक्त सिंघल ने विद्यार्थियों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए उन्हें अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवा पीढ़ी, अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए स्वच्छता को अपनी आदत का हिस्सा बनाए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई तथा उन्हें अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
आयुक्त सिंघल ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई *रोबोटिक लैब एवं 3R (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर* का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मकता को बढ़ाते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर *अपर आयुक्त प्रखर सिंह, विद्यालय के प्राचार्य* सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यालय प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि गरिमा विद्या विहार स्कूल *शहर का एकमात्र विद्यालय है, जो ‘जीरो वेस्ट’* की दिशा में कार्य कर रहा है। *विद्यालय की प्रत्येक कक्षा में ‘स्वच्छता एंबेसडर’ नियुक्त* किए गए हैं, जो लगातार स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं।


