भारतीय डिजाइन, क्राफ्ट और समकालीन कला को एक मंच पर लाएगा खास शोकेस

भारतीय डिजाइन, क्राफ्ट और समकालीन कला को एक मंच पर लाएगा खास शोकेस

इंदौर में पहली बार होगा BYOND × The Raw House Showcase

*भारतीय डिजाइन, क्राफ्ट और समकालीन कला को एक मंच पर लाएगा खास शोकेस*

*इंदौर।* शहर में डिजाइन, कला और क्राफ्ट को लेकर बढ़ती रुचि के बीच पहली बार BYOND × The Raw House Showcase का आयोजन किया जा रहा है। इस शोकेस के जरिए भारतीय डिजाइन, पारंपरिक क्राफ्ट और आधुनिक कला से जुड़े नए कामों को इंदौर के लोगों के करीब लाने की कोशिश की जा रही है।

BYOND की शुरुआत फैशन क्यूरेटर अनुश्री चौधरी और ब्रांड स्ट्रैटेजिस्ट सलोनी ने की है। दोनों का मानना है कि इंदौर अब डिजाइन और क्राफ्ट को सिर्फ देखने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोग यह भी जानना चाहते हैं कि किसी चीज को बनाने की प्रक्रिया क्या है, उसे बनाने वाले लोग कौन हैं और पारंपरिक क्राफ्ट को नए तरीके से कैसे पेश किया जा रहा है।

अनुश्री चौधरी, को-फाउंडर BYOND ने कहा कि इंदौर तेजी से बदल रहा है और शहर में डिजाइन, कला और क्राफ्ट को लेकर लोगों की रुचि भी बढ़ रही है। इसी जरूरत को देखते हुए BYOND की शुरुआत की गई है, ताकि शहर के लोगों को नए डिजाइनर्स, मेकर्स और उनके काम से जोड़ने का अवसर मिल सके।

इस पहले शोकेस के लिए BYOND ने अहमदाबाद के The Raw House के साथ सहयोग किया है। The Raw House की स्थापना प्रियदर्शिनी राठौड़ और प्रणाली पंड्या ने की है। यह प्लेटफॉर्म डिजाइनर्स, कलाकारों, कारीगरों और मेकर्स को एक साथ लाने के लिए काम करता है।

इंदौर में होने वाला यह शोकेस The Raw House के लिए भी खास है, क्योंकि अहमदाबाद के बाहर यह उनका पहला एग्जिबिशन है। प्रियदर्शिनी राठौड़ ने बताया कि इंदौर उन्हें इसलिए उपयुक्त लगा क्योंकि यहां डिजाइन, आर्किटेक्चर, कला और क्राफ्ट को समझने और पसंद करने वाला एक सक्रिय समुदाय मौजूद है।

BYOND की को-फाउंडर सलोनी ने कहा कि उनका उद्देश्य ऐसी जगह तैयार करना है, जहां लोग भारतीय डिजाइन को करीब से देख सकें, उसके बारे में जान सकें और डिजाइनर्स व मेकर्स के विचारों को समझ सकें। The Raw House के साथ सहयोग के जरिए इंदौर के लोगों को भारतीय डिजाइन के बदलते स्वरूप और नई संभावनाओं को देखने का मौका मिलेगा।

The Raw House Showcase, Indore में देश के अलग-अलग डिजाइन स्टूडियोज और मेकर्स के काम प्रदर्शित किए जाएंगे। इसमें फर्नीचर, लाइटिंग, टेक्सटाइल्स, ऑब्जेक्ट्स, सिरेमिक्स, आर्ट और समकालीन क्राफ्ट देखने को मिलेगा।

BYOND के मुताबिक, यह शोकेस सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि लोगों को भारतीय डिजाइन, क्राफ्ट और उन्हें तैयार करने वाले कलाकारों व मेकर्स से जोड़ने की एक कोशिश है। वहीं The Raw House के लिए यह अहमदाबाद से बाहर निकलकर इंदौर के नए और तेजी से विकसित हो रहे डिजाइन समुदाय के साथ जुड़ने का अवसर है।