जीतू पटवारी के आरोपों पर बीजेपी नेता नीरज नागदावाला का पलटवार
जीतू पटवारी के आरोपों पर बीजेपी नेता नीरज नागदावाला का पलटवार
मीडिया के सामने रखे सबूत, आरोपों को बताया तथ्यहीन
इंदौर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लगाए गए फर्जी वोटिंग के आरोपों पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राऊ विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष नीरज नागदावाला ने इंदौर प्रेस क्लब में आज आयोजित पत्रकार वार्ता आरोपों को पूरी तरह से तथ्यहीन बताते हुए अपनी राजनीतिक व सामाजिक छवि को धूमिल करने की साजिश बताया।
उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी ने बिना नाम लिए आरोप लगाया था कि नागदावाला को एक पोलिंग बूथ पर बैठाया गया था, जहाँ लगभग 300 फर्जी वोट डाले गए। नागदावाला ने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए संबंधित मतदान केंद्र और पोलिंग एजेंट की भूमिका से जुड़े दस्तावेज व साक्ष्य पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप अपनी जगह है, लेकिन किसी व्यक्ति की राजनीतिक निष्ठा और व्यक्तिगत आरोप लगाने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना आवश्यक है।
उन्होंने मीडिया से तथ्यों के आधार पर मामले को देखने का आग्रह किया और कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे ये प्रमाण निर्वाचन अधिकारी के सामने भी पेश करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य व्यक्तिगत विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक निष्ठा और निष्पक्षता पर लगे आरोपों का तथ्यात्मक स्पष्टीकरण देना है।


