साधारण डाक के गुम होने की शिकायतों पर अधिवक्ता डॉ. पंकज वाधवानी ने उठाई आवाज, प्रधानमंत्री सहित संबंधित मंत्रालयों को भेजी शिकायत
साधारण डाक के गुम होने की शिकायतों पर अधिवक्ता डॉ. पंकज वाधवानी ने उठाई आवाज, प्रधानमंत्री सहित संबंधित मंत्रालयों को भेजी शिकायत
इंदौर। हाईकोर्ट अधिवक्ता डॉ. पंकज वाधवानी ने भारतीय डाक विभाग की साधारण डाक सेवा से संबंधित लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीर जनहित का विषय बताते हुए इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा भारतीय डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष औपचारिक शिकायत प्रस्तुत की है।
डॉ. वाधवानी ने बताया कि पिछले कई महीनों से अनेक नागरिकों द्वारा यह शिकायत की जा रही है कि डाक टिकट लगाकर लाल लेटर बॉक्स में डाले गए साधारण पत्र एवं अन्य डाक सामग्री कई मामलों में संबंधित प्राप्तकर्ताओं तक नहीं पहुँच रही है। यदि ऐसा हो रहा है, तो इससे महत्वपूर्ण दस्तावेजों, कानूनी पत्राचार तथा अन्य आवश्यक सामग्री के गुम होने की आशंका उत्पन्न होती है, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक एवं विधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस विषय में उन्होंने संबंधित सक्षम अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने, वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा यदि कहीं प्रशासनिक लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
डॉ. वाधवानी ने देशभर के नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके साथ भी साधारण डाक के समय पर न पहुँचने अथवा गुम होने जैसी कोई घटना हुई है, तो वे अपने अनुभव, उपलब्ध प्रमाण तथा संबंधित विवरण साझा करें, ताकि तथ्यात्मक जानकारी के आधार पर इस जनहित के मुद्दे को सक्षम मंचों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य किसी संस्था या अधिकारी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि नागरिकों को विश्वसनीय डाक सेवा उपलब्ध कराने के लिए वास्तविक स्थिति सामने लाना तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम सुनिश्चित कराना है।


