लव यू जिन्दगी श्रृंखला में महिला प्रकोष्ठ अग्रवाल समाज की 100 से अधिक सखियों ने रंगारंग मस्ती के बीच लिए नए वर्ष में नए संकल्प
लव यू जिन्दगी श्रृंखला में महिला प्रकोष्ठ अग्रवाल समाज की 100 से अधिक सखियों ने रंगारंग मस्ती के बीच लिए नए वर्ष में नए संकल्प
इंदौर। अंग्रेजी नए वर्ष की अगवानी में महिला प्रकोष्ठ अग्रवाल समाज की 100 से अधिक सखियों ने अपने “लव यू जिन्दगी” कार्यक्रम की श्रृंखला में देवास नाका क्षेत्र स्थित नोच रेस्टोरेंट पर मस्ती और धमाल से भरपूर “न्यू ईयर, न्यू यू : द फ्यूजन किटी” का रंगारंग आयोजन किया। इस अवसर पर प्रकोष्ठ से जुड़ी सखियों ने जहाँ अपनी खुशियों को नए रंग और आयाम दिए वहीँ आत्म मंथन की दृष्टि से नए वर्ष के लिए अपने-अपने रेजोल्यूशन भी दर्ज कराए। परम्पराओं और आधुनिकता के समन्वय से सखियों ने करीब 4 घंटे की अवधि में एकदूसरे के सुख दुःख को बाँटने के साथ ही हंसी मजाक, संगीत, सेल्फी और फैशन का भी जमकर लुत्फ़ उठाया और आकर्षक पुरस्कार भी प्राप्त किए।
प्रकोष्ठ की प्रमुख प्रतिभा मित्तल ने बताया कि सखियों के लिए सौलफुल क्विर्की और ट्रेडिशनल थीम रखी गई थी। सखियों ने साड़ी, ब्लाउज, दुपट्टा, कुर्ता और एथेनिक जैकेट तथा जींस, ट्राउजर, स्कर्ट और स्नीकर्स परिधान में आकर नए और पुराने वस्त्रों का समन्वय भी प्रदर्शित किया। लकी ड्रा में राखी, शिल्पा, शीतल, श्वेता, प्रीति, नीलम, नीना, पूनम, श्वेता, वैशाली विजेता रहे जबकि बेस्ट ड्रेसअप के लिए करिश्मा, काजल, मधु डालमिया एवं मोनिका का चयन किया गया। निर्णायक जिनी झाला और आयुषी द्वारा दिए गए नतीजों के आधार पर सखियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा नए वर्ष की अगवानी में अपने लिए नए रेजोल्यूशन को व्यक्त करने का था जिसमें सखियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी भावनाएं और अपने संकल्प व्यक्त किए। किसी ने अपने आसपास के बच्चों को शिक्षा देने, किसी ने बीमार लोगों की सहायता करने, किसी ने अपने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाने, किसी ने चित्रकारी और किसी ने अपनी बिछड़ी हुई सखियों से मिलने जैसे रेजोल्यूशन व्यक्त किए। इन सारी गतिविधियों में मस्ती, हास्य, गीत, संगीत, डांस और अन्य मनोरंजक एवं प्रेरक कार्यक्रमों के बीच 4 घंटे की अवधि कैसे निकल गई, पता ही नहीं चला। आकर्षक रेजोल्यूशन और अन्य स्पर्धाओं के लिए सखियों को उपहार भेंट कर पुरस्कृत भी किया गया।



