हनुमानजी की भक्ति में डूबा इंदौर: 3 किमी के मार्ग पर 6 घंटे तक अलीजा सरकार का सैलाब, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा
हनुमानजी की भक्ति में डूबा इंदौर: 3 किमी के मार्ग पर 6 घंटे तक अलीजा सरकार का सैलाब, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा
एक हाथ में गदा तो दूजे में संजीवनी लिए नगर भ्रमण पर निकले 'सरकार'; 200 मंचों से हुआ भव्य स्वागत, आज होगा स्वर्ण श्रृंगार
इंदौर। हनुमान जन्मोत्सव के उल्लास में पूरा शहर 'हनुमानमय' हो गया है। बुधवार अलसुबह जब वीर बगीची से 'अलीजा सरकार' की भव्य प्रभातफेरी निकली, तो आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि यात्रा का एक सिरा गोराकुंड पर था तो दूसरा बड़ा गणपति पर। प्रभु हनुमान जी की 60 किलो वजनी पंचधातु की प्रतिमा दिव्य रथ पर सवार होकर जैसे ही भक्तों के बीच पहुंची, चहुंओर 'जय श्री राम' के उद्घोष गूंज उठे। मात्र 3 किलोमीटर के इस मार्ग को तय करने में भक्तों की भारी भीड़ के चलते साढ़े 6 घंटे से ज्यादा का समय लगा।
मंचों से बरसे फूल और प्रसादी की रही रेलमपेल
प्रभातफेरी का स्वागत करने के लिए मार्ग में 200 से ज्यादा भव्य मंच लगाए गए थे। कहीं हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए, तो कहीं भक्तों को रक्षा सूत्र बांटे गए। स्वागत का आलम यह था कि कदम-कदम पर केले, रबड़ी, लस्सी, पेड़े, कचोरी और समोसे का वितरण हो रहा था। प्रसादी की इतनी प्रचुरता थी कि श्रद्धालु खुद बोल उठे— 'बस करो'। यात्रा में शामिल झांकियों, विशेषकर अशोक वाटिका और पर्यावरण संदेश देती प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
भजनों की गूंज और अखाड़ों के करतब
गादीपति पवनानंद महाराज की मौजूदगी में निकली इस यात्रा में प्रसिद्ध भजन गायकों और क्षेत्रीय मंडलियों ने समां बांध दिया। भजनों की धुन पर महिलाएं और बुजुर्ग जमकर थिरके, वहीं अखाड़ों के कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर शौर्य का प्रदर्शन किया। 51 फीट ऊंची धर्मध्वजाएं यात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए इंदौर के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी हजारों भक्त पहुंचे थे।
आज स्वर्ण श्रृंगार और महाप्रसादी
हनुमान जयंती के मुख्य पर्व पर आज वीर बगीची में अद्भुत नजारा होगा। मथुरा के 25 कलाकारों द्वारा विशेष 'फूल बंगला' सजाया जा रहा है। आज अलीजा सरकार का अलौकिक 'स्वर्ण श्रृंगार' किया जाएगा। दिनभर सामूहिक हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ होंगे, जिसके बाद शाम को भव्य महाआरती और विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन और मंदिर समिति ने उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।


