आर्ट ऑफ लिविंग इंदौर के शारदीय नवरात्रि महोत्सव का भव्य समापन, 700 श्रद्धालु हुए शामिल
आर्ट ऑफ लिविंग इंदौर के शारदीय नवरात्रि महोत्सव का भव्य समापन, 700 श्रद्धालु हुए शामिल
इंदौर। आर्ट ऑफ लिविंग इंदौर द्वारा वैदिक धर्म संस्थान के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय शारदीय नवरात्रि महोत्सव का आज श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर चंडी होम सहित विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 600 से 700 श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
महोत्सव के अंतिम दिवस पर माँ दुर्गा की आराधना के अंतर्गत चंडी होम, गज पूजा, अश्व पूजा, गो पूजा, नौ कन्या पूजन, दंपत्ति पूजन एवं सुहासिनी पूजन विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुए। इन पावन अनुष्ठानों के माध्यम से सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य एवं लोककल्याण की मंगलकामना की गई।
चंडी होम का संचालन बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग के अंतरराष्ट्रीय आश्रम से पधारे विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक परंपरानुसार वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ किया गया। हवन के दौरान गूंजते वैदिक मंत्रों और भक्तिमय वातावरण ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद एवं शांति का अनुभव कराया।
तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान वैदिक परंपराओं, भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति के सम्मान को विशेष महत्व दिया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला चिकित्सकों के सम्मान ने आयोजन को आध्यात्मिकता और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम बनाया।
महोत्सव का समापन माँ दुर्गा के प्रति श्रद्धा, सामूहिक प्रार्थना एवं सकारात्मक ऊर्जा के वातावरण में हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन की भव्यता और जन-आस्था को अभिव्यक्त किया।
आर्ट ऑफ लिविंग इंदौर का यह आयोजन भारतीय वैदिक संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सेवा भाव को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल रहा।


