बुरहानपुर में पुरानी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या, गणपति नाका पर हुआ विवाद; जांच में जुटी पुलिस
बुरहानपुर में पुरानी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या, गणपति नाका पर हुआ विवाद; जांच में जुटी पुलिस
बुरहानपुर। शहर के गणपति नाका चौराहा क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7 बजे पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोधीपुरा निवासी 39 वर्षीय धनराज (पिता अशोक तायड़े) का गणपति नाका चौराहे के पास तीन से चार अज्ञात व्यक्तियों के साथ विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने धनराज पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश सामने आया है। जांच के दौरान कुछ युवकों के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व में बच्चों के नहाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीएसपी का कहना है कि संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


