अर्चना चिटनिस ने ईच्छापुर-इंदौर हाईवे पर देखी ग्रामीणों की आवागमन जरूरत, अधिकारियों को दिए निर्देश

अर्चना चिटनिस ने ईच्छापुर-इंदौर हाईवे पर देखी ग्रामीणों की आवागमन जरूरत, अधिकारियों को दिए निर्देश

अर्चना चिटनिस ने ईच्छापुर-इंदौर हाईवे पर देखी ग्रामीणों की आवागमन जरूरत, अधिकारियों को दिए निर्देश


बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने ग्राम ईच्छापुर, ग्राम दापोरा एवं शाहपुर क्षेत्र का दौरा कर निर्माणाधीन ईच्छापुर-इंदौर हाईवे सहित विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने हाईवे निर्माण के बाद ग्रामीणों एवं किसानों के गांव, खेतों और स्थानीय संपर्क मार्गों से आवागमन से जुड़ी आवश्यकताओं को देखा तथा अंडरपास सहित जरूरी सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि हाईवे का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ गांवों और खेतों का संपर्क तथा ग्रामीणों-किसानों का आवागमन भी सुगम रहना जरूरी है। स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप अंडरपास और संपर्क मार्ग जैसी सुविधाओं को विकसित किया जाना आवश्यक है।
ईच्छापुर में अंडरपास और चौराहा निर्माण की आवश्यकता
ग्राम ईच्छापुर में निर्माणाधीन ईच्छापुर-इंदौर फोरलेन हाईवे का निरीक्षण किया गया। नान्या की सेरी रोड तथा ईच्छापुर से महाराष्ट्र के अंतुर्ली की ओर जाने वाले खेत मार्ग को देखा गया। हाईवे निर्माण के बाद इन मार्गों से ग्रामीणों एवं किसानों के आवागमन को देखते हुए अंडरपास निर्माण की आवश्यकता पर अधिकारियों से चर्चा की। अंडरपास से ग्रामीणों और किसानों को हाईवे पार कर अपने खेतों तथा आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और स्थानीय संपर्क भी बना रहेगा। इसके साथ ही शनि मंदिर के समीप तथा महाराष्ट्र मार्ग से मां ईच्छादेवी मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग का निरीक्षण कर यहां चौराहा निर्माण की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
दापोरा में ड्रेनेज और सड़क कार्यों का जायजा
ग्राम दापोरा में गांव की जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या से बचाव के लिए गांव से निकलने वाले पानी को मुख्य नाले तक व्यवस्थित रूप से पहुंचाने हेतु समुचित ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की आवश्यकता पर अधिकारियों से चर्चा की गई। गांव के मुख्य प्रवेश मार्ग की स्थिति भी देखी गई। यहां पक्की सड़क के साथ किसानों के खेतों तक आवागमन सुगम बनाने के लिए ग्रेवल सड़क निर्माण की आवश्यकता का भी जायजा लिया गया।
*शाहपुर बायपास पर सीसी नाला-पक्की सड़क का निरीक्षण*
शाहपुर क्षेत्र में आनंद सागर से पहले ग्राम धामनगांव बायपास का निरीक्षण भी किया। यहां सड़क एवं जल निकासी की स्थिति को देखते हुए सीसी नाला एवं पक्की सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों का जायजा लिया गया। सीमेंटीकृत नाले से वर्षा जल की निकासी व्यवस्थित करने तथा पक्की सड़क से बायपास क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी। श्रीमती चिटनिस ने अधिकारियों के साथ कार्यों की स्थिति पर चर्चा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की आवश्यकताओं से श्रीमती अर्चना चिटनिस को अवगत कराया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप स्थायी और उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सड़क, अंडरपास, जल निकासी और संपर्क मार्ग जैसी सुविधाएं ग्रामीणों एवं किसानों के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हैं। इसलिए क्षेत्रवार आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जलगांव प्रोजेक्ट डायरेक्टर भाऊसाहेब सालुंके, नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कंसल्टेंट किशोर व्यास, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, विनोद चौधरी, लक्ष्मण पवार, गणेश महाजन, वामन माली, संजय पवार, विजय पवार, दापोरा में राजेश पाटिल, अशोक पाटिल, स्वप्निल पाटिल, अमोल प्रकाश पाटिल, संदीप पाटिल, मयूर पाटिल, अमोल चौधरी, संजय चौधरी, आकाश राखोंडे, दिवाकर सपकाले एवं फिरोज तड़वी सहित जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।