बुरहानपुर के शास्त्री चौक वार्ड में कचरा पृथक्करण को लेकर जन-जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश
बुरहानपुर ब्यूरो सुभाष सपकाले
शास्त्री चौक वार्ड में कचरा पृथक्करण को लेकर जन-जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश
बुरहानपुर। सामुदायिक सहभागिता एवं जनसंवाद अभियान के अंतर्गत तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नागरिकों में कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शास्त्री चौक वार्ड समिति एवं नगर पालिक निगम बुरहानपुर द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या चौक बाजार स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक स्टाफ के सहयोग से कचरा पृथक्करण जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का उद्देश्य नागरिकों को स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण करने के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से नागरिकों को घर पर ही चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने का संदेश दिया।
रैली स्कूल प्रांगण से प्रारंभ होकर चूड़ी वाली गली, पांडुमल चौराहा, भाई साहब की हवेली होते हुए वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों से निकली तथा फव्वारा चौक से होते हुए पुनः स्कूल परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण से संबंधित प्रभावी नारों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया।
मस्कट एवं डस्टबिन बने आकर्षण का केंद्र
रैली में नगर निगम की IEC टीम द्वारा चार अलग-अलग प्रकार के कचरे के निर्धारित रंगों को प्रदर्शित करते हुए आकर्षक मस्कट एवं डस्टबिन के स्वरूप तैयार किए गए। इन मस्कट प्रोफॉर्मर्स ने बच्चों एवं नागरिकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया और कचरा पृथक्करण के संदेश को मनोरंजक एवं प्रभावी तरीके से जन-जन तक पहुंचाया।
विद्यार्थियों ने नागरिकों से अपील करते हुए संदेश दिया—
“कचरा जहां बनता है, वहीं अलग करें, स्वच्छ बुरहानपुर के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।”
विद्यार्थियों ने लिया कचरा पृथक्करण का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्रोत पर ही कचरे को अलग-अलग करने एवं स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प श्री धनराज महाजन जी द्वारा दिलाया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं कचरा पृथक्करण अपनाने तथा अपने परिवार एवं आसपास के नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वच्छता चेयरमैन श्री धनराज महाजन, सामान्य प्रशासन चेयरमैन श्री नितेश रोशन दलाल, वरिष्ठ पार्षद श्रीमती उमा सुनील कपूर, वरिष्ठ पार्षद श्री विपुल कानोगोजी, समाजसेवी डॉ. सुभाष मानेजी, पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी श्री प्रदीप राजे, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री गणेश पाटिल, स्वच्छता पर्यवेक्षक श्री राकेश कुशवाह, स्वच्छता पर्यवेक्षक श्री संजय चौधरी, वार्ड सुपरवाइजर, IEC टीम, विद्यालय के प्राचार्य श्री गोपाल गुप्ता सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ शहर केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से बनता है। घर से निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही अलग करना स्वच्छ एवं कचरा-मुक्त बुरहानपुर की दिशा में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
नगर पालिक निगम बुरहानपुर द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरा पृथक्करण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा-मुक्त बुरहानपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।


