देहदान चिकित्सा शिक्षा के प्रथम गुरु और मानवता की मिसाल इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में नए विद्यार्थियों ने ली कैडेवरिक शपथ
देहदान चिकित्सा शिक्षा के प्रथम गुरु और मानवता की मिसाल
इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में नए विद्यार्थियों ने ली कैडेवरिक शपथ
देहदान से मिली देह डॉक्टरों के लिए किताब की तरह बहुमूल्य
इंदौर।चिकित्सा शिक्षा में देहदान का विशेष महत्व है। देहदान केवल एक सामाजिक योगदान नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और परोपकार की ऐसी मिसाल है, जो मृत्यु के बाद भी दूसरों के जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम बनती है। इसी भावना को आत्मसात कराने के उद्देश्य से इंडेक्स मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के एनाटॉमी विभाग में एमबीबीएस के नए सत्र के विद्यार्थियों के लिए कैडेवरिक शपथ समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर देहदानियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मान दिया गया और विद्यार्थियों ने देह के प्रति सम्मान, गरिमा एवं संवेदनशीलता बनाए रखने की शपथ ली।
कार्यक्रम में मयंक वेलफेयर फाउंडेशन के चेयरमैन सुरेश सिंह भदौरिया ने कहा कि कैडेवरिक शपथ एमबीबीएस विद्यार्थियों के जीवन का एक ऐतिहासिक अवसर है। आप सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की अनेक चुनौतियों को पार कर चिकित्सा शिक्षा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव तक पहुंचे हैं। अब आपके सामने एक बड़ी जिम्मेदारी है कि आप अपने ज्ञान और सेवा भावना से समाज के स्वास्थ्य की रक्षा करें। देहदान चिकित्सा शिक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी है। देहदानियों का शरीर विद्यार्थियों के लिए प्रथम गुरु की भूमिका निभाता है और मानवता की सच्ची मिसाल प्रस्तुत करता है। जिन लोगों ने देहदान का संकल्प लिया, उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के चिकित्सकों के निर्माण में हमेशा याद रखा जाएगा।
कॉलेज के डीन डॉ. संजीव नारंग ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा में कैडेवर को प्रथम एनाटॉमी शिक्षक माना जाता है। विद्यार्थी मानव शरीर की संरचना को समझने के लिए पुस्तकों के साथ-साथ कैडेवर के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करते हैं। देहदानी वे महान लोग हैं, जो जीवनकाल में समाजसेवा करते रहे और मृत्यु के बाद भी अपने शरीर के माध्यम से मानवता की सेवा कर रहे हैं। विद्यार्थियों को उनके इस अमूल्य योगदान का सम्मान करना चाहिए।
विभागाध्यक्ष डॉ विमल मोदी ने कहा कि कैडेवरिक शपथ के माध्यम से एमबीबीएस के विद्यार्थी यह संकल्प लेते हैं कि वे देहदानी के शरीर को पूरी गरिमा और सम्मान देंगे। मानव शरीर की संरचना का अध्ययन करने के बाद बेहतर चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे। देहदान भावी चिकित्सकों में मानवीय मूल्य, सहानुभूति, संवेदनशीलता और सेवा भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जीपी पाल ने देहदान के महत्व को समझाते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में देहदान सबसे बड़े महादानों में से एक है। देहदान से प्राप्त शरीर डॉक्टरों के लिए एक किताब की तरह बहुमूल्य होता है। जिस प्रकार किताब से ज्ञान प्राप्त होता है, उसी प्रकार देहदान के माध्यम से विद्यार्थी मानव शरीर की जटिल संरचना को प्रत्यक्ष रूप से समझते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में विद्यार्थी अपने चिकित्सकीय जीवन में जितने भी मरीजों को स्वास्थ्य लाभ देंगे, उसमें कहीं न कहीं देहदानियों के इस अमूल्य योगदान की भूमिका रहेगी।
इस अवसर पर एनाटॉमी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. विमल मोदी, डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. विजेंद्र सिंह, डॉ. आकांक्षा शर्मा एवं डॉ. पूजा विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को कैडेवरिक शपथ दिलाई तथा चिकित्सा शिक्षा में देहदान की उपयोगिता और महत्व की जानकारी दी।कार्यक्रम में डॉ. जीएस पटेल, डॉ. अजय सिंह ठाकुर, धीरज जायसवाल, डॉ. आरती सहस्त्रबुद्धे, डॉ. श्रेया निघोस्कर, डॉ. नाजिया नूर एवं डॉ. बिदयानी देवी सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।


