जल संरक्षण एवं जल संवर्धन की दिशा में नागरिकों को किया जा रहा है जागरूक : संभागायुक्त
जल संरक्षण एवं जल संवर्धन की दिशा में नागरिकों को किया जा रहा है जागरूक : संभागायुक्त
सिंहस्थ-2028 को लेकर किये जा रहे निर्माण कार्यों को समयसीमा में पूर्ण कराया जायेगा
*ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिये विशेष कार्ययोजना बनायी जायेगी*
*संभाग में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने हेतू विद्यालयों और छात्रावासों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा*
*संभागायुक्त लाक्षाकार ने संपादक संघ इंदौर के सदस्यों के साथ किया संवाद*
इंदौर। संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकर ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को लेकर किये जा रहे निर्माण कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के प्रयास किये जा रहे हैं। संभाग में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने हेतू छात्रावासों में नोडल अधिकारी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही खेल गतिविधियों को बढ़ाया जा रहा है। रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतू विशेष कार्ययोजनाएं बनायी जायेगी। संभागायुक्त श्री लाक्षाकार आज दोपहर को होटल अप्सरा में संपादक संघ इंदौर के सदस्यों के साथ संवाद कर रहे थे। बैठक में समाचार पत्रों के प्रबंधक एवं संपादक उपस्थित थे।
इंदौर संभाग में चल रहे विकास कार्यों एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित अन्य विषयों पर संपादक संघ के सदस्यों से हुये संवाद में संभागायुक्त लाक्षाकार ने कहा कि इंदौर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिये विशेष प्रयास किये जाएंगे। पानी की उपलब्धता कम होने पर जल संरक्षण और जल संवर्धन के लिये एक्शन प्लान बनाया जायेगा। जल संरक्षण के लिये नागरिकों को जागरूक किया जायेगा तथा उन्हें पानी की बचत के लिये विशेष समझाईस दी जायेगी। उन्होंने आगे कहा कि संभाग में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिये विद्यालयों एवं छात्रावासों में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां की जायेंगी। हर छात्रावास में नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जायेगी, जो न केवल बच्चों से संवाद करेंगे, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान भी तलाशेंगे। छात्रावासों एवं विद्यालयों में ऐसे पूर्व विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया जायेगा, जिन्होंने कोई बड़ा मुकाम हासिल कर जिले, संभाग या प्रदेश का नाम रोशन किया हो। ऐसे नागरिकों का विद्यालयों में बच्चों से रूबरू संवाद कराया जायेगा, जिससे बच्चों को प्रेरणा मिलेगी। इसके अलावा सफल उद्योगपति, सफल कृषक आदि सफलता प्राप्त नागरिकों का विशेष संबोधन कराया जायेगा, ताकि बच्चे उनसे प्रेरणा ले सकें। छात्रों के स्वास्थ्य और उसके समय का सदुपयोग सुनिश्चित करने हेतु विद्यालयों और छात्रावासों में खेल गतिविधियां बढ़ायी जायेगी।
संभागायुक्त ने आगे कहा कि संभाग के हर जिले की प्रकृति अलग-अलग हैं, इसलिये उनका समाधान भी हमें अलग तरीके से खोजना होगा। किसी जिले में स्वास्थ्य के प्रति ध्यान दिये जाने की जरूरत है तो दूसरे जिले में शिक्षा को लेकर जागरूकता की जरूरत है। इसको लेकर विशेष कार्ययोजना बनायी जा रही है। इंदौर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने हेतू नागरिकों को यातायात के नियमों का पालन कराने के लिये सतत प्रयास किये जा रहे हैं। सुगम यातायात के लिए नवाचार तरीके अपनाने होंगे। उन्होंने कहा कि ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए भी जनजागरण की आवश्यकता है। प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय एमवाय हॉस्पीटल और जिला अस्पताल इंदौर में स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार बढ़ायी जा रही हैं। नये-नये उपकरण और मशीनें उपलब्ध करायी जा रही हैं। एमवाय में आपातकालीन विभाग में बिस्तरों की संख्या भी बढ़ायी जा रही है, ताकि उपचार के लिये आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने आगे कहा कि संभाग में कानून व्यवस्था, राजस्व आदि बिन्दुओं पर भी कार्य किया जा रहा है। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार श्री सुभाष खण्डेलवाल, श्री नवनीत शुक्ला, प्रवीण खारीवाल, क्रांति चतुर्वेदी, अभिलाष शुक्ला, हर्षवर्धन प्रकाश ललित उपमन्यु, आलोक ठक्कर, महेश कजोड़िया, शक्तिसिंह परमार, अनिल कर्मा, श्याम यादव, दीपक शर्मा सहित बड़ी संख्या में संपादक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री नवनीत शुक्ला ने किया। आभार सुभाष खण्डेलवाल ने माना।
----


