मौसम बिगड़ने से यदि आपूर्ति व्यवधान आएं तो टीमें लगाकर तेजी से सुधार कराएं
मौसम बिगड़ने से यदि आपूर्ति व्यवधान आएं तो टीमें लगाकर तेजी से सुधार कराएं
इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक श्री अनूप कुमार सिंह ने कहा कि मालवा निमाड़ में भी मानसून की सक्रियता की स्थिति बनने लगी हैं, अलग अलग जिलों में अलग समय में तेज हवा, आंधी, वर्षा हो रही है। ऐसे में यदि मौसम बिगड़ने से यदि विद्युत आपूर्ति व्यवधान की स्थिति निर्मित होती है तो बिजली कंपनी जोन, वितरण केंद्र प्रभारी तुरंत संज्ञान लेकर कम समय में आपूर्ति सामान्य करने की कोशिश करे। अतिरिक्त टीमें लगाकर सुधार कार्य कम समय में कराया जाए, आपूर्ति सामान्य करने का अभियान पूरी तन्मयता, गंभीरता, तत्परता के साथ चलाया जाए। उच्चदाब संकाय के कार्मिकों की भी मदद ली जाए, कार्यपालन यंत्री, अधीक्षण यंत्री प्रभावित क्षेत्रों का सतत पर्यवेक्षण करे एवं अतिरिक्त साधन, कार्मिक मुहैया कराने में मदद करे। श्री सिंह ने कहा कि मौसमी कारण, पेड़ गिरने से व्यवधान संभव हैं, लेकिन हमारी सफलता तभी हैं जब बड़े व्यवधान को छोटी सी अवधि में सामान्य करने की सफलतम कोशिश कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए। श्री सिंह ने कहा कि जिस जोन, वितरण केंद्र की बिजली आपूर्ति पेड़ गिरने, आंधी तूफान से प्रभावित होती है, वहां के जोन प्रभारी, सीसीआर, लाइनमैन इत्यादि कार्मिक जोन के ग्रुपों में वाट्सएप संदेश जरूर सांझा करे कि किस कारण से बिजली बंद हैं एवं कितने आंकलित समय में बिजली आने की संभावना हैं। इससे उपभोक्ताओं की शिकायतें अपेक्षाकृत कम होगी।


