रानी दुर्गावती के 462वें बलिदान दिवस पर इंदौर में होगा भव्य आयोजन, केंद्रीय राज्य मंत्री करेंगी शिरकत

रानी दुर्गावती के 462वें बलिदान दिवस पर इंदौर में होगा भव्य आयोजन, केंद्रीय राज्य मंत्री करेंगी शिरकत

इंदौर। जनजातीय गौरव और शौर्य की प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती के 462वें बलिदान दिवस के अवसर पर जनजाति विकास मंच इंदौर द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आगामी 6 जुलाई 2025, रविवार को दोपहर 12 बजे से माई मंगेशकर सभागृह इंदौर में संपन्न होगा।

 मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय राज्यमंत्री भारत सरकार श्रीमती सावित्री ठाकुर उपस्थित होगी। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती मनीषा धुर्वे होगी, जो एक प्रसिद्ध महिला उद्यमी हैं और जिन्हें भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय जनजाति गौरव सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।

 विशेष अतिथि के रूप में सांसद रतलाम श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान और पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे की उपस्थिति भी कार्यक्रम को गरिमा प्रदान करेगी।

बलिदान दिवस पर सांस्कृतिक, बौद्धिक एवं सहभोज जैसे विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता एवं उपस्थिति होगी। 

इस आयोजन का उद्देश्य वीरांगना रानी दुर्गावती के शौर्य, बलिदान और जनजातीय समाज की भूमिका को वर्तमान पीढ़ी तक पहुंचाना है। वीरांगना रानी दुर्गावती की गाथा भारत के जनजातीय समाज की बहादुरी और आत्मबलिदान की मिसाल है। इस कार्यक्रम का आयोजन श्री रानी दुर्गावती गोंडवाना विकास परिषद इंदौर एवं भीमानायक वनांचल सेवा संस्था झाबुआ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

गौरतलब है कि वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस विगत 20 वर्षो से गोंड समाज इंदौर एवं संपूर्ण जनजाति समाज मनाते आ रहा है।