श्री खजराना गणेश मंदिर में गूंजे जयकारे: 10 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान अर्पित किया गया 501 किलो का विशाल ‘महालड्डू भोग
श्री खजराना गणेश मंदिर में गूंजे जयकारे: 10 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान अर्पित किया गया 501 किलो का विशाल ‘महालड्डू भोग’
इंदौर। 10 दिवसीय गणेश उत्सव के सुअवसर पर इंदौर की ऐतिहासिक धरोहर और अटूट आस्था के प्रमुख केंद्र ‘श्री खजराना गणेश मंदिर’ में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। उत्सव के दौरान प्रतिदिन मंदिर प्रांगण में विशेष पूजा-अर्चना, शृंगार और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी है। इसी पावन श्रृंखला में बुधवार को मंदिर परिसर में एक भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें भगवान श्री गणेश को ऐतिहासिक 501 किलो का विशाल महालड्डू भोग अर्पित किया गया।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री गौरव रणदिवे ने खजराना गणेश की भव्य महाआरती की। उन्होंने भगवान लंबोदर के चरणों में शीश नवाकर इंदौर नगर सहित पूरे प्रदेश और देशवासियों की सुख, समृद्धि, शांति और जन-कल्याण के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना 501 किलो का लड्डू गणेश उत्सव के इतिहास में यह पहला अवसर है जब भगवान खजराना गणेश को 501 किलो वजनी एक ही लड्डू का भोग लगाया गया है। विशालकाय महालड्डू दर्शनार्थियों और भक्तों के बीच खासा कौतुहल व आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रांगण में उपस्थित भक्तों में इस अद्वितीय महालड्डू की एक झलक पाने और दर्शन करने की होड़ मची रही।ढोल-धमाकों के साथ भव्य पालकी को सजाकर महालड्डू को ले जाया गया।पूरा मंदिर परिसर "जय श्री गणेश" और "गणपति बप्पा मोरया" के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।कार्यक्रम के आयोजक निखिल रामायणे ने जानकारी देते हुए बताया पूर्व के वर्षों में भगवान खजराना गणेश को 301 किलो वजनी लड्डू का भोग अर्पित किया गया था। इस वर्ष श्रद्धालुओं के उत्साह और अपार आस्था को देखते हुए 501 किलो का महालड्डू तैयार कर अर्पित किया गया है। खजराना गणेश मंदिर के इतिहास में यह पहली बार है जब इतनी विशाल मात्रा का एक ही लड्डू भगवान को भोग स्वरूप चढ़ाया गया है।"
संत-महात्माओं और गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति
इस पावन अवसर पर अनेक धर्मगुरुओं, संतों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर आयोजन को गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रितेश तिवारी,अंकुर पांडे,आशीष हिंदुजा,अजय अग्निहोत्री,हर्षवर्धन बर्बे सहित बड़ी संख्या में युवा एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। महाआरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।


