केंद्रीय जेल इंदौर में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा 108 कुंडीय महायज्ञ का भव्य आयोजन
केंद्रीय जेल इंदौर में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा 108 कुंडीय महायज्ञ का भव्य आयोजन
इंदौर। केंद्रीय जेल इंदौर में आज अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। महायज्ञ का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. वरुण कपूर (IPS) और डॉ सौम्या कपूर के मुख्य आतिथ्य में गायत्री मंत्रोच्चार के साथ हुआ।
इस महायज्ञ में जेल के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में बंदियों ने भी भाग लिया। 108 कुंडों पर बैठकर बंदियों ने गायत्री मंत्र की आहुतियां दीं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन, शांति एवं सद्भावना के लिए प्रार्थना की।
मुख्य अतिथि *डॉ. वरुण कपूर (IPS)* महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं ने अपने उद्बोधन में कहा कि यज्ञ और संस्कार व्यक्ति के मन को शुद्ध करते हैं। जेल का उद्देश्य केवल सजा देना नहीं, बल्कि बंदियों का सुधार एवं पुनर्वास है। ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से बंदियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। उन्होंने अखिल विश्व गायत्री परिवार के इस प्रयास की सराहना की।
केंद्रीय जेल अधीक्षक दिनेश कुमार नरगावे ने बताया कि गायत्री महायज्ञ का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण है। जेल परिसर में इस तरह के आयोजन से बंदियों को मानसिक शांति मिलेगी और वे जेल से बाहर जाकर एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, याज्ञिकों एवं बंदियों को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में केंद्रीय जेल इंदौर के समस्त स्टाफ एवं गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।


