नर्मदा जल के असमान वितरण से और गहराएगा जल संकट

नर्मदा जल के असमान वितरण से और गहराएगा जल संकट

स्टेट प्रेस क्लब, म. प्र. द्वारा जल संकट से जल सुरक्षा विषय पर परिचर्चा आयोजित

नर्मदा जल के असमान वितरण से और गहराएगा जल संकट

जल के कुपबंधन को रोकने के लिए ठोस नीति बनाना जरूरी है

इंदौर। इस वर्ष मानसून में औसत से कम वर्षा होने से शहर में जल संकट विकराल रूप लेने वाला है। इस चुनौती से निपटने के लिए केवल निगम प्रशासन को ही नहीं बल्कि हर व्यक्ति का दायित्व है कि वह जल का सही उपयोग करे। यह काम गृहणियां भी अच्छे से कर सकती हैं। वर्षा जल संग्रहण से अधिक जरूरी है जल का सुनियोजित प्रबंधन करना। इंदौर शहर की प्यास 70 किलोमीटर दूर से आने वाले नर्मदा जल से आज भी बुझाई जा रही है। हम सब आज भी नर्मदा नदी के जल पर निर्भर हैं। इंदौर में नर्मदा का जितना पानी आता है उसका सही तरीके से वितरण आज भी नहीं हो रहा है। इस वजह से जल समस्या बनी हुई है। जरूरी है कि शहर का प्रत्येक नागरिक जल की कद्र करे उसका संग्रहण करें और अनावश्यक रूप से उसे बर्बाद नहीं करें।

यह विचार विभिन्न वक्ताओं के है जो उन्होंने स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. द्वारा आयोजित ‘जल संकट से जल सुरक्षा’ विषय पर आयोजित परिचर्चा में व्यक्त किए। यह आयोजन अभिनव कला समाज सभागार में संपन्न हुआ। भारत सरकार के पेयजल मिशन एक निदेशक एवं भूवैज्ञानिक सुधीन्द्र मोहन शर्मा ने कहा कि इंदौर शहर की अपनी कोई नदी नहीं है। हम नर्मदा नदी से पानी उधार लेते हैं। इंदौरवासियों के लिए पानी का एकमात्र स्त्रोत भूजल ही है। आज से 75 वर्ष पूर्व शहर में कुएं-बाबड़ी के माध्यम से जल प्रदाय और जल संग्रहण का कार्य होता था। इसके कुछ वर्षों बाद हैण्डपम्प युग आया जिसमे हमें 30 से ७५ फीट गहराई पर पानी मिलने लगा। इसी दौर में कुछ तालाब भी बनायें गए। आज पानी का जल स्तर हजार फीट तक चला गया है जो विस्फोटक स्थिति है। साढ़े छः करोड़ वर्ष पूर्व ज्वालामुखी का लावा ठंडा होने पर जमीन के भीतर चट्टानें बनीं। इन्ही चट्टानों के बीच से हम पानी निकालते हैं। ऐसा कोई पैमाना नहीं है जिसके माध्यम से हम यह पता लगा सकें कि किस जगह पर पानी की मात्र कम है या अधिक। 

शर्मा ने कहा कि इजराइल जैसे देश से इंदौर में ढाई गुना ज्यादा बारिश हुई है। हालात उतने बुरे भी नहीं है, लेकिन हमें दूरदर्शिता रखते हुए 2027 की नहीं बल्कि 2057 की तयारी करना होगी। हमें भूजल स्तर का नक्शा तैयार करना चाहिए ताकि प्रबंधन में सहायता मिल सके। प्रशासन ने शहर में 15 स्थानों पर भूजल स्तर मापने के लिए पीजो मीटर लगाये हैं, उसकी भी सतत मोनिटरिंग होना चाहिए। इसी तरह फ्लो मीटर भी लगाना जरूरी है ताकि यह भी मालूम रहे कि जमीन में कितना पानी है और कितना हम निकाल चुके हैं। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय भूजल बोर्ड की एक रिपोर्ट में यह इंगित किया गया है कि हर कहीं वाटर रिचार्ज सिस्टम लगाने से वर्षा का जल जमीन में नहीं उतरेगा। इंदौर में केवल 8 प्रतिशत स्थान ऐसे हैं जहाँ बेहतर वाटर रिचार्ज की सम्भावना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम इंदौर जल नीति बनाने जा रहा है इसमें शहर के नागरिक अपने सुझाव दे सकते हैं।

एसजीएसआईटीएस के सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. संदीप नरुलकर ने कहा कि इंदौर में नर्मदा का पानी असमान वितरण व्यवस्था का शिकार है। रिकॉर्ड के मुताबिक़ इंदौर की चौपन प्रतिशत जनसँख्या तक नर्मदा का पानी और शेष जगह बोरिंग या टैकरों के माध्यम से पानी पहुँचता है। एक दिन छोड़कर नर्मदा का पानी रहवासियों को मिलता है उसके आंकड़ों में भी भ्रम है। निगम प्रशासन का दावा है कि नर्मदा परियोजना के माध्यम से रोजाना 360 मिलियन लीटर पानी इंदौर आता है और बोरिंग के माध्यम से करीब 75 मिलियन लीटर पानी लिया जाता है, लेकिन हकीकत में जल वितरण सिर्फ 243 मिलियन लीटर ही होता है। यह समझ से परे है कि आखिर बड़ी मात्र में पानी जाता कहाँ है? उन्होंने इस बात पर चिंता जाहिर की कि विश्व की सबसे महंगी बिजली खर्च करके नर्मदा से इंदौर तक पानी लाने वाली जल वितरण व्यवस्था की कदर शहर की जनता नहीं करती है।