बुरहानपुर मैं रहेगी पुलिस की नजर आपत्तिजनक पोस्ट करने,फॉरवर्ड/लाइक करने वाले तत्वों पर की जाएगी सख़्त कार्यवाही
बुरहानपुर मैं रहेगी पुलिस की नजर आपत्तिजनक पोस्ट करने,फॉरवर्ड/लाइक करने वाले तत्वों पर की जाएगी सख़्त कार्यवाही
गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में गणेश उत्सव संचालकों की बैठक संपन्न
गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पुलिस की टेक्निकल टीम की सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी
आपत्तिजनक पोस्ट करने,फॉरवर्ड/लाइक करने वाले तत्वों पर की जाएगी सख़्त कार्यवाही
किसी भी प्रकार की समस्या, सुझाव या सहायता की आवश्यकता हो, तो आपके पंडाल के बाहर लगाए गए QR Code को स्कैन कर तुरंत सूचना दें
पुलिस अधीक्षक द्वारा समिति के सदस्यों को QR Code स्कैन प्रणाली का लाइव डेमो दिया गया
आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री आशुतोष बागरी द्वारा गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में गणेश उत्सव समितियों एवं आयोजकों की बैठक ली गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की जा रही सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट तपेश पाण्डे एसडीम श्रीमती पल्लवी पौराणिक एवं नगर पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाह, सहित संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने गणेश उत्सव समितियों से कहा कि उत्सव के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ आयोजकों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी समितियां निर्धारित नियमों एवं अनुमति की शर्तों का पालन करते हुए आयोजन करें।
बैठक में प्रमुख रूप से निम्न बिंदुओं पर निर्देश दिए गए
गणेश प्रतिमा स्थापना एवं पंडाल के लिए पूर्व अनुमति एवं निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रवेश एवं निकास व्यवस्था रखी जाए।
पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा महत्वपूर्ण स्थानों की निगरानी सुनिश्चित की जाए।
पंडाल एवं आसपास के क्षेत्र में स्वयंसेवकों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की जाए, ताकि भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके।
महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
पंडाल में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, अग्निशमन यंत्र एवं आपातकालीन निकासी मार्ग सुनिश्चित किए जाएं।
विद्युत व्यवस्था में खुले तार, असुरक्षित कनेक्शन एवं ओवरलोडिंग से बचते हुए सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पंडाल के आसपास यातायात बाधित न हो, इसके लिए पार्किंग एवं वाहन व्यवस्था व्यवस्थित रखी जाए।
जुलूस एवं शोभायात्रा के लिए निर्धारित मार्ग, समय एवं अनुमति की शर्तों का पालन किया जाए।
जुलूस के दौरान आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए आवश्यक मार्ग खुला रखा जाए।
डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियम एवं अनुमत समय-सीमा के अनुसार ही किया जाए।
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले, आपत्तिजनक या भड़काऊ गीत, नारे एवं सामग्री का उपयोग न किया जाए।
सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न की जाए तथा ऐसी सामग्री मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए।
किसी भी प्रकार के विवाद, अफवाह अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर आयोजक स्वयं कार्रवाई न करते हुए तत्काल पुलिस को सूचित करें।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ एवं वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस द्वारा निर्धारित विसर्जन मार्ग एवं व्यवस्था का पालन किया जाए।
विसर्जन के दौरान नदी, तालाब अथवा अन्य जल स्रोतों पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए तथा अनावश्यक रूप से गहरे पानी में जाने से बचा जाए।
जुलूस में शामिल वाहन निर्धारित क्षमता के अनुसार ही उपयोग किए जाएं तथा वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन किया जाए।
नशे की स्थिति में वाहन चलाने अथवा जुलूस में किसी प्रकार का हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
समितियों द्वारा अपने स्तर पर नियुक्त किए जाने वाले स्वयंसेवकों को पहचान पत्र/बैज उपलब्ध कराकर उनकी जिम्मेदारी स्पष्ट की जाए।
पंडाल एवं जुलूस के आसपास संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति दिखाई देने पर उसे छूने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए।
आयोजक समितियां स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय एवं निरंतर संपर्क बनाए रखें।
पुलिस अधीक्षक बागरी ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान जिले में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रमुख चौराहों, जुलूस मार्गों, गणेश पंडालों एवं विसर्जन स्थलों पर पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने, असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने अथवा सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
आयोजकों से सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने गणेश उत्सव समितियों एवं नागरिकों से अपील की कि गणेश उत्सव को आस्था, अनुशासन, भाईचारे एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। आयोजक समितियां पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।


