गणेश विसर्जन एवं चल समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने ली बैठक

गणेश विसर्जन एवं चल समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने ली बैठक

गणेश विसर्जन एवं चल समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने ली बैठक

समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

आगामी गणेश विसर्जन उत्सव एवं चल समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक  आशुतोष बागरी द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, चल समारोह के निर्धारित रूट, यातायात व्यवस्था, विसर्जन घाटों पर सुरक्षा प्रबंध, भीड़ नियंत्रण, डीजे एवं ध्वनि व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश—

विसर्जन एवं चल समारोह के निर्धारित रूट का थाना स्तर पर पुनः निरीक्षण कर आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

चल समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने एवं भीड़ के अनुसार डायवर्जन/वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विसर्जन घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेटिंग एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

विसर्जन घाटों पर प्रशिक्षित तैराकों एवं आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

बच्चों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं विसर्जन घाटों पर साथ नहीं लाने के लिए आयोजकों एवं श्रद्धालुओं को लगातार समझाइश देने के निर्देश दिए गए।

छोटे बच्चों के भीड़ में बिछड़ने की स्थिति से बचने के लिए अभिभावकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।

विसर्जन स्थल पर बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्वयंसेवकों एवं आयोजन समितियों का सहयोग लेने के निर्देश दिए गए।

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान जल स्रोतों में निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों का ही उपयोग सुनिश्चित करने तथा खतरनाक स्थानों पर लोगों को जाने से रोकने के निर्देश दिए गए।

चल समारोह में शामिल वाहनों, झांकियों एवं अन्य व्यवस्थाओं की पूर्व जांच एवं समुचित पुलिस निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

डीजे पर अनावश्यक, अश्लील अथवा विवाद उत्पन्न करने वाले गाने नहीं बजाने तथा निर्धारित नियमों एवं अनुमत ध्वनि सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संबंध में आयोजकों को पूर्व से ही आवश्यक समझाइश देने तथा नियमों का उल्लंघन होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

चल समारोह के दौरान शराब अथवा अन्य नशे की स्थिति में वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला एवं बालिका सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

संवेदनशील एवं अधिक भीड़ वाले स्थानों पर CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने तथा पुलिस कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गणेश उत्सव समितियों, आयोजकों एवं स्थानीय नागरिकों से समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित विसर्जन सुनिश्चित करें।

किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस, प्रशासन, नगर निगम/स्थानीय निकाय एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

सुरक्षा में जनसहयोग महत्वपूर्ण

पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणेश विसर्जन एवं चल समारोह के दौरान पुलिस की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना एवं यातायात को सुचारु रखना है। उन्होंने आयोजन समितियों एवं नागरिकों से भी अपील की कि वे पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए उत्सव को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें।