इंदौर के डाकघरों और प्रमुख मंदिरों में मिलेगा गंगोत्री का पवित्र गंगाजल
श्रावण मास में भारतीय डाक विभाग की विशेष पहल
: इंदौर के डाकघरों और प्रमुख मंदिरों में मिलेगा गंगोत्री का पवित्र गंगाजल
इंदौर : पवित्र श्रावण मास के पावन अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीधे गंगोत्री से पैक किया हुआ शुद्ध गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इंदौर परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के सभी प्रधान डाकघर एवं उप डाकघरों में यह सेवा प्रारंभ कर दी गई है, जहाँ 250 ML की पैकिंग में पवित्र गंगाजल मात्र ₹30/- के रियायती मूल्य पर उपलब्ध कराया जा रहा है। पूर्व वर्ष 2025 में पवित्र श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा 2500 से अधिक पवित्र गंगाजल क्रय किया गया था I
श्रावण मास के दौरान प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक परिसरों—जैसे इंदौर के मनकामेश्वर महादेव मंदिर, खंडवा के शिव मंदिर बड़ाबम, खरगोन के मंडलेश्वर मंदिर, मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर, नीमच के किलेश्वर महादेव मंदिर, रतलाम (बिल्पांक) के विरुपाक्ष महादेव मंदिर, सीहोर के कुबेरेश्वर धाम, उज्जैन (फ्रीगंज) के शिव मंदिर तथा शाजापुर के राजेश्वरी मंदिर एवं फूलखेड़ी हनुमान मंदिर परिसर—में विशेष अस्थाई कैंप, काउंटर व स्टॉल लगाकर गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा।
सोमवार के अतिरिक्त अन्य सभी कार्य दिवसों में गंगाजल की उपलब्धता सभी विभागीय डाकघरों में बनी रहेगी। भारतीय डाक विभाग समस्त श्रद्धालुओं से विनम्र अनुरोध करता है कि पवित्र श्रावण मास के इस पावन अवसर पर डाक विभाग की इस सुलभ सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


