धरावरा धाम स्थित महंत घनश्याम दास महाराज की समाधि पर भक्तों ने समर्पित की पुष्पांजलि
,धरावरा धाम स्थित महंत घनश्याम दास महाराज की समाधि पर भक्तों ने समर्पित की पुष्पांजलि
इंदौर, । धार रोड स्थित प्राचीन आस्था केंद्र धरावरा धाम के संस्थापक साकेतवासी महंत घनश्याम दास महाराज की 17 वीं पुण्यतिथि के प्रसंग पर धरावरा धाम स्थित उनकी समाधि पर सैकड़ों स्नेहीजनों और भक्तों ने कतारबद्ध होकर पुष्पांजलि समर्पित की।
शिवरात्रि के दिन ही वर्ष 2009 में हरि धाम आश्रम से निकली भगवान शिव पार्वती की शोभा यात्रा के समापन के दौरान अचानक हृदयाघात से महंत घनश्याम दास महाराज शिवलीन हो गए थे। उनकी पुण्यतिथि पर धरावरा धाम स्थित हनुमान मंदिर के सामने निर्मित उनकी समाधि पर पुष्पांजलि समर्पित करने के लिए रविवार को स्नेहीजनों का ताँता लगा रहा। आश्रम के महंत शुकदेव दास महाराज के सानिध्य में 22 फरवरी से होने वाले मानस सम्मेलन एवं भागवत ज्ञान यज्ञ के मुख्य यजमान नानूराम चौधरी के साथ आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए भक्तों ने महंतजी के सेवा कार्यों को याद करते हुए पुष्पांजलि समर्पित की। इस अवसर पर समाजसेवी ललित अग्रवाल, डॉ. सुरेश चोपड़ा, श्रीकांत शर्मा, अशोक कुमावत, सीताराम नरेडी, नारायण अग्रवाल 420 पापड़ वाले, गोपाल गोयल, विजय सिंह राणा सहित अनेक श्रद्धालुओं ने महंतजी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला और उनसे जुड़े प्रेरक संस्मरण सुनाए। सभी भक्तों ने मानस सम्मेलन एवं भागवत ज्ञान को सफल एवं सार्थक बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर महंतजी की समाधि एवं धरावरा धाम आश्रम परिसर पर आकर्षक विद्युत एवं पुष्प सज्जा की गई थी। भक्तों को दिनभर फलाहार प्रसाद का वितरण भी किया गया।



