पलासिया सेल्फी पॉइंट पर ट्रैफिक लाइब्रेरी बस का शुभारंभ
● पलासिया सेल्फी पॉइंट पर ट्रैफिक लाइब्रेरी बस का शुभारंभ
● मॉड्यूलर व्हीकल बैरियर/अरेस्टर एवं टायर किलर का डेमो एवं प्रैक्टिस
इंदौर। पलासिया चौराहा सेल्फी पॉइंट पर पुलिस उपायुक्त, (यातायात/क्राइम) राजेश कुमार त्रिपाठी एवं पुलिस उपायुक्त (जोन 4) सुनील कुमार मेहता की उपस्थिति में आईसर ग्रुप ऑफ फाउंडेशन एवं माय एफएम की पहल से ट्रैफिक लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा आधुनिक सुरक्षा संसाधनों जैसे मॉड्यूलर व्हीकल बैरियर/अरेस्टर एवं टायर किलर का डेमो एवं प्रायोगिक अभ्यास (प्रैक्टिस) किया गया।
यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन उपकरणों के सुरक्षित, त्वरित एवं प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मौके पर ही विभिन्न परिस्थितियों में इनका उपयोग कैसे किया जाए, इसका लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया।
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी संदिग्ध/अपराध में प्रयुक्त वाहन को सुरक्षित रूप से रोकना, हाई स्पीड वाहनों को नियंत्रित करना, चेकिंग के दौरान पुलिस की सुरक्षा सुनिश्चित करना, आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देना।
मॉड्यूलर व्हीकल बैरियर/अरेस्टर एक ऐसा आधुनिक उपकरण है, जिसे आवश्यकता अनुसार सड़क पर तुरंत लगाया जा सकता है और यह वाहनों की गति को नियंत्रित करते हुए उन्हें रोकने में सहायक होता है। वहीं टायर किलर (स्पाइक बैरियर) का उपयोग ऐसे वाहनों को रोकने में किया जाता है, जो पुलिस के संकेत के बावजूद नहीं रुकते, यह वाहन के टायर को निष्क्रिय कर देता है, जिससे वाहन स्वतः रुक जाता है।
डेमो के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इन संसाधनों का उपयोग सावधानीपूर्वक, प्रशिक्षित तरीके से एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जाए।


