7 अगस्त को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘ओह माय डॉग’ के प्रमोशन के लिए इंदौर पहुंचे निर्देशक अमित राय
7 अगस्त को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘ओह माय डॉग’ के प्रमोशन के लिए इंदौर पहुंचे निर्देशक अमित राय
इंदौर - फिल्म ‘ओह माय डॉग’ के प्रमोशन के लिए लेखक और निर्देशक अमित राय इंदौर पहुंचे। यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। उन्होंने शहर के मीडिया और दर्शकों से मुलाकात की और फिल्म के बारे में खुलकर बात की। अमित राय ने बताया कि यह फिल्म इंसानों और डॉग्स के बीच बने खास रिश्ते की कहानी है, जो प्यार, अपनापन, संवेदनशीलता और साथ मिलकर रहने का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि ‘ओह माय डॉग’ ऐसी पारिवारिक फिल्म है, जिसे हर उम्र के लोग साथ बैठकर देख सकते हैं। फिल्म में भावनाएं भी हैं, मनोरंजन भी और एक ऐसा संदेश भी, जो दर्शकों के दिल को छू जाएगा। उन्होंने फिल्म बनने के पीछे की कहानी और अपने अनुभव भी साझा किए।
फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इसकी दिल छू लेने वाली कहानी और भावनात्मक प्रस्तुति की काफी तारीफ हो रही है। रिलीज से पहले फिल्म की टीम अलग-अलग शहरों में जाकर लोगों से मिल रही है और फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ा रही है।
‘बाबूलाल बिस्कोप’ और ‘थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट’ के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता अमित राय, राजेश भारद्वाज और सना वारसी हैं। फिल्म में माही राय, पंकज त्रिपाठी, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलाख्याना बरुआ और विजय मिश्रा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ डॉग स्टार ऑस्कर और ब्रूनो भी फिल्म का हिस्सा हैं। खास बात यह है कि फिल्म में 250 से ज्यादा कुत्ते नजर आएंगे।
‘ओह माय डॉग’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स का कहना है कि यह फिल्म हंसाएगी भी, भावुक भी करेगी और पूरे परिवार के लिए यादगार सिनेमाई अनुभव साबित होगी।


