नए वर्ष में अ.भा. अग्रवाल महासभा देशभर के बंधुओं को जोड़ेगी कोटा अधिवेशन में जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय – इंदौर से पहुंचे पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
नए वर्ष में अ.भा. अग्रवाल महासभा देशभर के बंधुओं को जोड़ेगी
कोटा अधिवेशन में जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय – इंदौर से पहुंचे पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
इंदौर। अ.भा. अग्रवाल महासभा नए वर्ष में देश के समाज बंधुओं को संगठन की मुख्य धारा से जोड़ने के साथ ही आयोजनों को लेकर कई बदलाव कर रही है। इसके तहत सामाजिक सुधार को महत्त्व दिया जाएगा।
राजस्थान के कोटा शहर में संपन्न हुए महासभा के राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के कई राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष सतीश अग्रवाल ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री हरि अग्रवाल (इंदौर), मालवा प्रान्त के अध्यक्ष अशोक गोयल (इंदौर) ने अधिवेशन के लौटकर बताया कि अधिवेशन में सामाजिक सुधार की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कोटा की जिला समिति की ओर से उद्योगपति एवं अ.भा. रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राजेश बिरला के मुख्य आतिथ्य में इस अवसर पर समाज सेवा एवं संगठन में योगदान के लिए हरि अग्रवाल एवं अशोक गोयल का सम्मान भी किया गया। नेपाल महासभा के अध्यक्ष केके अग्रवाल, मुंबई से आए किशोर गुप्ता, कोलकाता के रमेश जैन, महिला समिति की अध्यक्ष मृदुला अग्रवाल, दिल्ली के हरिओम गर्ग, जयपुर के भानुप्रताप बंसल , कोटा के सुरेश कुमार गर्ग, दिल्ली के रामेश्वर दास गर्ग आदि ने समाजहित में अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए। महासभा के अध्यक्ष सतीश अग्रवाल ने अधिवेशन में लिए गए निर्णयों के अनुसार टूटते परिवारों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प व्यक्त किया और महासभा के सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने शहरों में अग्रवाल संगठनों के माध्यम से अभियान चलाएँ। उन्होंने समाज सुधार की दिशा में प्री वेडिंग शूट रोकने, समाज में बढ़ते तलाक के मामलों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने और देशभर में एक करोड़ अग्रवाल समाज बंधुओं को महासभा से जोड़ने का आह्वान भी किया।



