तपोनिष्ठ संत श्री श्री 1008 राजगुरु जी महाराज के सानिध्य में 11 दिवसीय विराट हनुमंत मेले का बुधवार को भव्य समापन

तपोनिष्ठ संत श्री श्री 1008 राजगुरु जी महाराज के सानिध्य में 11 दिवसीय विराट हनुमंत मेले का बुधवार को भव्य समापन
तपोनिष्ठ संत श्री श्री 1008 राजगुरु जी महाराज के सानिध्य में 11 दिवसीय विराट हनुमंत मेले का बुधवार को भव्य समापन
 
श्रद्धा, साधना और सेवा से ओतप्रोत महोत्सव ने रचा नया अध्याय, सावन माह में शिव महापुराण कथा का आयोजन
इंदौर। तिल्लौर–शिवनगर मार्ग स्थित संकट मोचन हनुमंत मंदिर, खेड़ापति आश्रम पिपलिया लोहार में आयोजित 11 दिवसीय विराट हनुमंत मेला बुधवार को भक्ति, साधना और सेवा के दिव्य वातावरण के साथ संपन्न हो गया। तपोनिष्ठ संत श्री श्री 1008 राजगुरु जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव ने आस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए समाज में समरसता और सहयोग का सशक्त संदेश दिया।
समापन अवसर पर आश्रम परिसर में भावुकता, संतोष और कृतज्ञता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन में सहभागिता निभाकर स्वयं को धन्य अनुभव किया। औपचारिक समापन के बाद भी आश्रम में भक्तों का आगमन लगातार जारी है और भक्ति की वही पावन धारा प्रवाहित हो रही है।
विशेष रूप से अभिमंत्रित रुद्राक्ष वितरण को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है। प्रदेश के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु आश्रम पहुंचकर रुद्राक्ष प्राप्त कर स्वयं को सौभाग्यशाली मान रहे हैं। महाराज श्री प्रत्येक श्रद्धालु को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार बना हुआ है।
पूरे आयोजन के दौरान श्रीमद् भागवत कथा, 72 घंटे की दिव्य भू-समाधि साधना, अखंड हनुमान चालीसा पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं विशाल भंडारे जैसे आयोजनों ने मेले को विशेष गरिमा प्रदान की। हर दिन बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या इस आयोजन की व्यापकता और सफलता का प्रमाण बनी।
समापन अवसर पर अपने उद्बोधन में श्री श्री 1008 राजगुरु जी महाराज ने विनम्र भाव से कहा कि यह भव्य आयोजन सभी के सहयोग से संभव हो सका है। उन्होंने शासन-प्रशासन, मेले में पधारे श्रद्धालुओं, दुकानदारों, विभिन्न प्रकार की सेवाएं देने वाले सेवादारों, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक सुश्री उषा ठाकुर, दानदाताओं एवं मीडिया के साथियों का भी विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया।
महाराज श्री ने विशेष रूप से मुंबई से पधारे शेखर गौड़ एवं एम मानसी इवेंट कंपनी की पूरी टीम के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने में टीम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। इस अवसर पर पूरी टीम को सम्मानित भी किया गया।
आयोजन से जुड़े बीडी तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भव्य महोत्सव की सफलता से प्रेरित होकर आगामी सावन माह में आश्रम परिसर में संतोष गवलाना के सहयोग से शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को पुनः भक्ति और ज्ञान के सानिध्य का लाभ प्राप्त होगा।
महाराज श्री ने अंत में सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि धर्म, सेवा और साधना की यह धारा निरंतर प्रवाहित होती रहेगी और आश्रम सदैव जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रहेगा।
विराट हनुमंत मेला अब एक ऐसे आध्यात्मिक उत्सव के रूप में स्थापित हो चुका है, जिसकी स्मृतियां श्रद्धालुओं के हृदय में लंबे समय तक जीवंत रहेंगी।