125 लोगों की स्वास्थ्य जांच में केवल 5 की बोन डेंसिटी सामान्य, 57 नए संभावित कैंसर मरीज चिन्हित

125 लोगों की स्वास्थ्य जांच में केवल 5 की बोन डेंसिटी सामान्य, 57 नए संभावित कैंसर मरीज चिन्हित

125 लोगों की स्वास्थ्य जांच में केवल 5 की बोन डेंसिटी सामान्य, 57 नए संभावित कैंसर मरीज चिन्हित

इंदौर। शांति अवेदना ट्रस्ट, कैंसर एवं स्टेम सेल अनुसंधान संस्थान तथा भारतीय निवारक कैंसर संस्थान (आईआईपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को मिशिका टावर, सपना-संगीता रोड स्थित संस्था कार्यालय में आयोजित सर्वजन स्वास्थ्य शिविर में 125 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर का सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह रहा कि जांच किए गए 125 लोगों में से केवल 5 लोगों की ही बोन डेंसिटी सामान्य पाई गई, जबकि शेष अधिकांश लोगों में बोन डेंसिटी की कमी दर्ज की गई। इसके अलावा जांच के दौरान 57 नए संभावित कैंसर मरीज भी चिन्हित किए गए, जिन्हें आगे की विस्तृत जांच एवं उपचार के लिए परामर्श दिया गया।

शिविर का शुभारंभ उद्योगपति श्री रामेश्वर बियानी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक मंच के श्री आर. के. शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था प्रमुख डॉ. एस. एस. नैयर ने शिविर के उद्देश्य एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत भी किया।

आईआईपीओ की डायरेक्टर सुश्री स्नेहा मंडलोई ने बताया कि शिविर में हड्डी रोग, कैंसर, नेत्र, श्रवण (कान) एवं दंत रोगों की जांच की गई। श्रवण परीक्षण के दौरान अनेक लोगों में सुनने की समस्या सामने आई। कुछ लोगों में एक कान से सुनने की क्षमता प्रभावित मिली, जबकि कुछ लोग दोनों कानों से सुनने में कठिनाई का सामना करते पाए गए।

हड्डियों की जांच के परिणाम विशेषज्ञों के लिए भी चिंता का विषय रहे। अधिकांश लोगों में बोन डेंसिटी अपेक्षाकृत कम पाई गई, जो भविष्य में ऑस्टियोपोरोसिस एवं फ्रैक्चर जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है। चिकित्सकों ने संतुलित आहार, कैल्शियम एवं विटामिन-डी का पर्याप्त सेवन, नियमित व्यायाम तथा समय-समय पर बोन डेंसिटी जांच कराने की सलाह दी।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सभी प्रतिभागियों को उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया। आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही।