गजासीन शनि धाम में हजारों भक्त करेंगे सुंदरकांड, निकलेगी पालकी
*गजासीन शनि धाम में हजारों भक्त करेंगे सुंदरकांड, निकलेगी पालकी*
• शनि जयंती पर विशेष दो दिवसीय आयोजन
इंदौर। उषा नगर स्थित गजासीन धाम में आगामी 16 और 17 मई को शनि जयंती के पावन अवसर पर दो दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन महामंडलेश्वर डॉ. दादू महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित होने जा रहा है।
आयोजन के प्रथम दिन, 16 मई (शनिवार) को सुबह 8:00 से 12:00 बजे तक आचार्य कल्याण दत्त शास्त्री और पंडित महेंद्र दुबे के मार्गदर्शन में पंच कुंडीय शनि शांति यज्ञ संपन्न होगा। जिसमे शनि देव के विभिन्न बीज मंत्र, तांत्रोक्त मंत्र,वैदिक मंत्र से आहुतियां प्रदान की जाएगी।दोपहर 12:00 बजे भगवान शनि देव की जन्म आरती की जाएगी।
शाम का मुख्य आकर्षण सामूहिक सुंदरकांड पाठ होगा। शाम 5:50 पर शंखनाद और दीप प्रज्वलन के साथ ठीक 6:00 बजे सुंदरकांड शुरू होगा। इस पाठ की विशेषता यह है कि बिना किसी भजन या संपुट के हजारों भक्त एक स्वर में पाठ करेंगे। पाठ में सम्मिलित होने वाले प्रत्येक भक्त को सिद्ध रुद्राक्ष, शनि चालीसा, चित्र और शनि प्रसाद पुस्तिका नि:शुल्क भेंट की जाएगी।
महोत्सव के दूसरे दिन, 17 मई को शाम 6:00 बजे शनि देव पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। धाम में शनि देव का विशेष पुष्प श्रृंगार और 56 भोग के दर्शन होंगे। साथ ही, धाम में स्थित भैरव बाबा को इस बार उज्जैन के महाकाल का भव्य स्वरूप दिया जा रहा है । शनि अमावस्या पर्व पर भक्तों के लिए विशेष रूप से धाम में अस्थाई नवग्रह मंदिर बनाए जा रहा है जिसमें भक्त नवग्रहों के भी दर्शन लाभ प्राप्त कर सकेंगे ।


