मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम
मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम
विश्व मधुमेह दिवस पर इंडेक्स मेडिकल कॉलेज,हॉस्पिटल में जागरूकता कार्यक्रम, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की जांच
इंदौर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर इंडेक्स मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, सेमिनार और स्वास्थ्य परामर्श के माध्यम से लोगों को डायबिटीज (मधुमेह) के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के एंडोक्राइनोलॉजी, मेडिसिन एवं नेत्र रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में एंडोक्राइन विभाग के एचओडी डॉ. अजय गुप्ता और डॉ. अभ्युदय वर्मा ने सेमिनार के माध्यम से मधुमेह के प्रबंधन पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली, असंतुलित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और मोटापा डायबिटीज के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, वजन पर नियंत्रण और समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच जरूरी है। उन्होंने मरीजों को आहार संबंधी परामर्श देते हुए बताया कि खानपान में सावधानी बरतकर और चिकित्सकीय सलाह का पालन करके बीमारी को नियंत्रित रखा जा सकता है।
समय पर जांच और उपचार से डायबिटीज की गंभीर जटिलताओं से बचाव संभव
मेडिसिन विभाग एचओडी डॅा.सुधीर मौर्य ने बताया कि डायबिटीज की बीमारी मरीज को शारीरिक ही नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से भी काफी नुकसान पहुंचाती है। लंबे समय तक बीमारी रहने पर मरीज को नियमित दवाइयों, जांच और उपचार पर खर्च करना पड़ता है। डॉ. बुसरा खानम ने बताया कि कई बार मधुमेह के कारण मरीज को शारीरिक रूप से विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे उसकी दिनचर्या और जीवन की गुणवत्ता प्रभावित होती है। समय पर बीमारी की पहचान, नियमित जांच और उचित उपचार से इन परेशानियों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. स्वाति प्रशांत, डॉ. जीएस पटेल, एचओडी मेडिसिन डॉ. सुधीर मौर्य, डॉ. बुसरा खानम, एचओडी डॉ. सुधीर महाशब्दे, डॉ. आभा पंडित, डॉ. पंकज, डॉ. स्वाति सक्सेना और डॉ. सुप्रिया मुश्रीफ,डॅा.उषा भार्गव,डॅा.एकता और डॅा.नमन उपस्थित थे।
अनियंत्रित शुगर से आंखों सहित शरीर के कई अंगों पर पड़ता है असर
नेत्ररोग विभाग के एचओडी डॉ. सुधीर महाशब्दे ने बताया कि लंबे समय तक अनियंत्रित ब्लड शुगर रहने से आंखों की रेटिना पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। इससे डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी समस्या उत्पन्न हो सकती है, जो गंभीर स्थिति में आंखों की रोशनी को प्रभावित कर सकती है। इसलिए मधुमेह के मरीजों को नियमित रूप से आंखों की जांच करानी चाहिए। डॉ. सुप्रिया मुश्रीफ ने बताया कि समय पर बीमारी की पहचान और उपचार से मरीजों को गंभीर जटिलताओं, लंबे इलाज और आर्थिक बोझ से बचाया जा सकता है। डॉ. स्वाति सक्सेना ने कहा कि डायबिटीज को लेकर लापरवाही न बरतें और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।


