विद्यार्थियों ने पुलिस कंट्रोल रूम का किया भ्रमण, आधुनिक पुलिसिंग प्रणाली को नजदीक से जाना

विद्यार्थियों ने पुलिस कंट्रोल रूम का किया भ्रमण, आधुनिक पुलिसिंग प्रणाली को नजदीक से जाना

● विद्यार्थियों ने पुलिस कंट्रोल रूम का किया भ्रमण, आधुनिक पुलिसिंग प्रणाली को नजदीक से जाना

● यातायात जागरूकता के लिए अधिकारियों ने स्टूडेंट्स को नियमो की जानकारी भी दी।

    इंदौर । पुलिस कमिश्नरेट द्वारा विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों एवं आधुनिक पुलिस व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री सन्तोष कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय)  आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आज देल्ही पब्लिक स्कूल, निपानिया बायपास के लगभग 100 छात्र-छात्राओं का पुलिस कंट्रोल रूम भ्रमण आयोजित किया गया।

      इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री विक्रम सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी यातायात श्री अरविंद दांगी एवं निरीक्षक श्री काज़िम हुसैन रिज़वी उपस्थित रहे।

        कार्यक्रम के दौरान एडिशनल डीसीपी श्री रघुवंशी ने विद्यार्थियों को इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकों के माध्यम से किए जा रहे यातायात प्रबंधन तथा नागरिक सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, जिम्मेदार नागरिक बनने तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

    भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को सिटी कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। उन्हें शहरभर में स्थापित सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क, वायरलेस ऑपरेटिंग सिस्टम, ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम तथा एएनपीआर कैमरों की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने कंट्रोल रूम की बड़ी स्क्रीन पर शहर की वास्तविक समय यातायात व्यवस्था का अवलोकन किया तथा जाना कि किस प्रकार तकनीक की सहायता से यातायात संचालन, निगरानी एवं कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाता है।

     यातायात पुलिस की टीम द्वारा विद्यार्थियों को स्कूल बस में सुरक्षित यात्रा करने के संबंध में महत्वपूर्ण सावधानियों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए बताया गया कि स्कूल बस में चढ़ते एवं उतरते समय सावधानी बरतना, बस के भीतर अनुशासन बनाए रखना, चालक का ध्यान भंग न करना, चलते वाहन में खड़े न होना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सिटी कंट्रोल रूम की अत्याधुनिक व्यवस्थाओं को देखकर उत्साह व्यक्त किया तथा इंदौर पुलिस द्वारा तकनीक आधारित यातायात प्रबंधन एवं जनसुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का स्वयं पालन करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।