महिला मैकेनिकों द्वारा निर्मित इलेक्ट्रिक साइकिल का होगा लोकार्पण*
*महिला मैकेनिकों द्वारा निर्मित इलेक्ट्रिक साइकिल का होगा लोकार्पण*
इंदौर। विश्व साइकिल दिवस और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंदौर की महिला मैकेनिक एक नई उपलब्धि के साथ सामने आ रही हैं। समान सोसायटी द्वारा प्रशिक्षित महिला मैकेनिकों द्वारा तैयार की गई इलेक्ट्रिक साइकिल का लोकार्पण समारोह 4 जून को दोपहर 1:30 बजे आरएनटी मार्ग स्थित हिन्दी साहित्य समिति भवन में आयोजित किया जाएगा।
महिला मैकेनिकों द्वारा निर्मित यह इलेक्ट्रिक साइकिल एक बार चार्ज होने पर लगभग 25 किलोमीटर तक चल सकती है तथा इसकी अधिकतम गति 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा है। इस साईकिल का नाम महिला मैकेनिक गैराज यंत्रिका सर्विस सेंटर के नाम पर यंत्रिका ई—साइकिल रखा गया है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और सुलभ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 3 जून को विश्व साइकिल दिवस तथा 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इन दोनों अवसरों के बीच आयोजित यह लोकार्पण कार्यक्रम सतत और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश देगा।
समान सोसायटी द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षित महिला मैकेनिकों ने इस इलेक्ट्रिक साइकिल का निर्माण किया है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों, विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को कम लागत में आवागमन का एक सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प उपलब्ध कराना है।
साइकिल की कीमत शीघ्र ही घोषित की जाएगी। संस्था का प्रयास है कि इसकी लागत न्यूनतम रखी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। पेट्रोल पर निर्भरता कम करने और हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती है।
कार्यक्रम विवरण
कार्यक्रम: यंत्रिका ई-साइकिल लोकार्पण समारोह तिथि: 4 जून
समान सोसायटी, इंदौर


