जत्रा में उमड़ा इंदौर, तीन दिन में छह लाख से ज्यादा लोग पहुंचे, जल संरक्षण का भी दिया संदेश
जत्रा में उमड़ा इंदौर, तीन दिन में छह लाख से ज्यादा लोग पहुंचे, जल संरक्षण का भी दिया संदेश
जीरो वेस्ट आयोजन की पेश की मिसाल, ट्रेड जोन में अनुमानित चार करोड़ का कारोबार;
इंदौर। स्वाद, संस्कृति और खरीदारी के संगम एमडीएच प्रेजेंट्स जत्रा का रविवार को उत्साह और उमंग के बीच समापन हुआ। पोद्दार प्लाजा, गांधी हॉल परिसर में आयोजित तीन दिवसीय एमडीएच प्रेजेंट्स जत्रा में अनुमानित छह लाख से अधिक लोग पहुंचे। दीपावली की खरीदारी के साथ लोगों ने पारंपरिक मराठी व्यंजनों का स्वाद लिया। इस बार एमडीएच प्रेजेंट्स जत्रा में जल संरक्षण का संदेश देने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी अनूठी पहल की गई।
मराठी सोशल ग्रुप के सुधीर दांडेकर और राजेश शाह ने बताया कि इस वर्ष भी जत्रा को 100 प्रतिशत जीरो वेस्ट रखा गया। फूड जोन में प्लेट, ग्लास सहित अन्य सामग्री के लिए पूरी तरह बायोडिग्रेडेबल उत्पादों का इस्तेमाल किया गया। आयोजन स्थल पर 20 से अधिक कलेक्शन काउंटर बनाए गए थे, जहां गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित किया गया। समाचार लिखे जाने तक करीब 10,650 किलो गीले कचरे से खाद तैयार की गई, जबकि 5,750 किलो बायोडिग्रेडेबल सूखे कचरे का भी निस्तारण किया गया। इस तरह करीब 11 टन कचरे को रिसायकल कर खाद के रूप में उपयोगी बनाया गया। तैयार खाद नगर निगम को सौंपी गई।
एमडीएच प्रेजेंट्स जत्रा में सुबह से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दीपावली के लिए गृह सज्जा, आकर्षक सजावटी सामान और विभिन्न उत्पादों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। तीन दिनों में ट्रेड जोन में अनुमानित चार करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। वहीं, फूड जोन में पूरण पोली, उकड़ीचे मोदक और अन्य पारंपरिक मराठी व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए भी लोगों की भीड़ जुटी रही।
समापन अवसर पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन,महाराष्ट्र के मंत्री आशीष सेलार, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय,एमडीएच के चेयरमैन राजीव माहते सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। जत्रा के सफल आयोजन पर सुधीर दांडेकर, राजेश शाह और तृप्ति महाजन ने इंदौरवासियों का आभार माना। साथ ही पुलिस प्रशासन, नगर निगम और मीडिया के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। अगले वर्ष 15, 16 और 17 अक्टूबर को फिर जत्रा में मिलने के वादे के साथ तीन दिवसीय आयोजन का समापन हुआ।
वही एमडीएच प्रेजेंट्स जत्रा में आयोजित ऑन स्पॉट फोटो प्रतियोगिता में शहर के 40 से ज्यादा प्रेस फोटोग्राफरों ने जत्रा के रंगों को कैमरे में कैद किया। प्रतियोगिता की अंतिम तिथि 5 नवंबर रहेगी। 21 नवम्बर को पुरस्कार वितरण इंदौर प्रेस क्लब रहेगा।


