संभावित अग्निदुर्घटनाओं की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण हेतु दी जानकारी
*फायर टीम द्वारा मॉक ड्रिल*
*संभावित अग्निदुर्घटनाओं की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण हेतु दी जानकारी*
*कर्मचारियों एवं आमजन को आग से बचाव, सुरक्षित निकासी का दिया प्रशिक्षण*
इंदौर दिनांक 4 अप्रैल 2026। *कलेक्टर श्री शिवम वर्मा एवं आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार* ग्रीष्म ऋतु में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण हेतु नगर *निगम इन्दौर के फायर विभाग द्वारा शहर के विभिन्न व्यावसायिक, शैक्षणिक एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में फायर सुरक्षा संबंधी मॉक ड्रिल* का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आग लगने की घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।
*अपर आयुक्त श्री आशीष कुमार पाठक* ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख संस्थानों एवं भवनों—जैसे *स्कॉलर एकेडमी भंवरकुआ, अवंतिका गैस एजेंसी (राजीव गांधी चौराहा), दवा बाजार भवन एसोसिएशन, विकास ट्रेडर्स कंपनी (सांवेर रोड), मल्हार मॉल, सी-21 मॉल तथा डी-मार्ट (चंदन नगर)—* में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इन मॉक ड्रिल्स के माध्यम से संबंधित संस्थानों के कर्मचारियों एवं आमजन को आग से बचाव, सुरक्षित निकासी, तथा अग्निशामक उपकरणों के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
*मॉक ड्रिल के दौरान फायर टीम* द्वारा यह भी समझाया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखते हुए तत्काल सही कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है। “आग ही न लगे” के मूल उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा उपायों की जानकारी देकर संभावित जोखिमों को न्यूनतम करने पर विशेष जोर दिया गया।
फायर विभाग द्वारा यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रखा जाएगा, जिससे अधिक से अधिक संस्थानों एवं नागरिकों को जागरूक किया जा सके।
*आग से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां:*
आग लगने पर घबराएं नहीं, तुरंत फायर ब्रिगेड (101) को सूचना दें।
आसपास के लोगों को सतर्क करें और सुरक्षित स्थान की ओर तुरंत निकलें।
धुएं से बचने के लिए नीचे झुककर या रेंगते हुए बाहर निकलें।
लिफ्ट का उपयोग न करें, केवल सीढ़ियों का प्रयोग करें।
यदि सुरक्षित हो तो बिजली एवं गैस कनेक्शन तुरंत बंद करें।
अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) का सही तरीके से उपयोग करें।
बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को प्राथमिकता से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं।
आग बुझाने के दौरान अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
प्रशासन एवं फायर कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
भीड़ एवं अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें।
नगर निगम इन्दौर नागरिकों से अपील करता है कि वे फायर सुरक्षा के प्रति सजग रहें एवं किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर अपनी एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।


