*दादू महाराज संस्थान में कन्या पूजन* 

*दादू महाराज संस्थान में कन्या पूजन* 

दादू महाराज संस्थान में कन्या पूजन

इंदौर । नवरात्रि पर्व पर डॉ. दादू महाराज संस्थान द्वारा लगातार 24वें वर्ष कन्या पूजन का आयोजन बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। परंपरा के अनुसार 108 कन्याओं को आमंत्रित कर उनके चरण पखारे गए। संस्थान के सेवादारों ने कन्याओं को कुंकुम तिलक कर चुनरी ओढ़ाई और उन्हें सम्मानपूर्वक आसन पर बैठाया।

संस्थान के राम मूंदड़ा ने बताया कि विशेष बात यह रही कि संस्थान द्वारा कन्याओं को न केवल शिक्षण सामग्री, बल्कि उनकी पसंद की वस्तुएं भी भेंट की गईं। इनमें हेयर बैंड, हेयर ब्रश, क्लिप, माला, ब्रेसलेट, ईयर रिंग्स, नेल पॉलिश, रिंग, वाटर बॉटल, पर्स, चूड़ियां, झुमके, खिलौने, चॉकलेट, बिस्किट, चिप्स और केक आदि शामिल थे। उपहारों की इतनी अधिकता थी कि छोटी-छोटी कन्याओं की थैलियां पूरी तरह भर गईं और उनके चेहरे खुशी से दमक उठे।

कार्यक्रम के दौरान हजारों भक्तों ने खीर, पूड़ी और सब्जी की प्रसादी ग्रहण की । वातावरण में भक्ति और उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिला। साथ ही महाआरती भी हुई व सामूहिक मंत्र जाप भी किए गए। 

इस अवसर पर समाजसेवी अलका सैनी, मनोज हार्डिया, फिल्म प्रोड्यूसर आशीष गोयल, सन्नी जादम, नवीन मंडलोई, राहुल बुंदेला, सुमित बालानी, नानेश तायड़े सहित अनेक अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत संजय अग्रवाल और आशीष साहू ने किया, वही कार्यक्रम का संचालन विजय अंबेकर ने किया।

पूजन और प्रसादी वितरण के पश्चात कार्यक्रम का समापन एक दिवसीय गरबा आयोजन से हुआ। ढोल और गरबा की ताल पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे और नवरात्रि के उत्सव को भक्ति व उल्लास से परिपूर्ण बना दिया।