गायत्री परिवार के पुरोहितों ने 24 घरों में कराया गायत्री यज्ञ, घर-घर पौधे बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश बोदरली
Burhanpur news
गायत्री परिवार के पुरोहितों ने 24 घरों में कराया गायत्री यज्ञ, घर-घर पौधे बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बोदरली (बुरहानपुर):
नवरात्रि के पावन पर्व पर ग्राम बोदरली में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा संचालित श्रीराम गुरुकुल के पुरोहितों ने वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ 24 परिवारों के निवास पर गायत्री महायज्ञ संपन्न कराया। धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ इस आयोजन में पर्यावरण संरक्षण और आत्म-सुधार का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कुरीतियों के त्याग और पौधों के रोपण का संकल्प
यज्ञ के दौरान पुरोहितों ने प्रत्येक परिवार को जीवन से एक बुराई त्यागने, एक नई अच्छाई अपनाने, प्रतिदिन नियमित गायत्री मंत्र का जाप करने तथा अपने जन्मदिन पर अनिवार्य रूप से पौधारोपण करने का संकल्प दिलाया। पर्यावरण संवर्धन को बढ़ावा देते हुए सभी 24 परिवारों को बिल्वपत्र, शमी, आंवला, जामुन और आम के पौधे सप्रेम भेंट किए गए।
श्रीराम गुरुकुल के
सोमजी आचार्य ने बताया कि श्रीराम गुरुकुल में बटुकों को शिक्षा के साथ-साथ उच्च जीवन मूल्यों के संस्कार दिए जाते हैं। यहाँ विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर या शिक्षक बनने से पहले एक श्रेष्ठ इंसान बनने की शिक्षा प्राप्त करते हैं। गुरुकुल में दैनिक दिनचर्या में ब्रह्म मुहूर्त में जागरण, सूर्य नमस्कार, योग-प्राणायाम, साधना, गीता पाठ और सात्विक आहार शामिल है।
पर्यावरण मित्र संजय राठौड़ ने जानकारी दी कि गायत्री परिवार के सप्त आंदोलनों में पर्यावरण संरक्षण एक मुख्य स्तंभ है। इसी उद्देश्य से घर-घर जाकर पौधे भेंट किए जा रहे हैं ताकि समाज में हरियाली और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत हो सके।
यह धार्मिक व सामाजिक आयोजन गांव के अनेक गणमान्य नागरिकों के निवास पर संपन्न हुआ। यज्ञ में गोविंद पाटील, मनोज चौधरी, अनिल चौधरी, डॉ. विजय महाजन, करणसिंह पवार, मुकुंदा चौधरी, दशरथ राठौड़, संजय नाईक, रविंद्र प्रजापति, अशोक पाटिल, सीताराम प्रजापति, राजू राठौड़, योगेश सूर्यवंशी, आशीष पाटिल, राहुल चौधरी, गोपाल चौधरी और गिरधारीलाल वास्कले सहित कुल 24 परिवारों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई ।


