ऑल इंडिया सशक्त पत्रकार महासंघ के माध्यम से पत्रकारों को संगठित कर उनके सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और सम्मान के लिए कार्य करना मेरा परम दायित्व है: राष्ट्रीय अध्यक्ष
बुरहानपुर में पत्रकारिता के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय: कलम के दो पुरोधाओं उमेश जंगाले और राजेश जाधव का शाही नागरिक अभिनंदन एवं भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
ऑल इंडिया सशक्त पत्रकार महासंघ के माध्यम से पत्रकारों को संगठित कर उनके सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और सम्मान के लिए कार्य करना मेरा परम दायित्व है: राष्ट्रीय अध्यक्ष
बुरहानपुर। जहाँ ताप्ती की लहरें इतिहास की गाथाएं बुनती हैं और जहाँ की माटी में शौर्य के साथ शब्दों की शक्ति भी रची-बसी है, उसी बुरहानपुर की धरती पर रविवार को पत्रकारिता जगत का एक गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ा, जिसके ऐतिहासिक क्षण का सभी ने साक्षात्कार किया। कलम के योद्धा, सत्य के प्रहरी और निर्भीक पत्रकारिता के प्रतीक उमेश जंगाले का पंजीकृत "ऑल इंडिया सशक्त पत्रकार महासंघ" के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सर्वोच्च पद पर सुशोभित होना, केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि समस्त कलमकारों के स्वाभिमान का उत्सव था। उनके साथ ही पत्रकारिता के अनवरत साधक राजेश जाधव को राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष के दायित्व से अलंकृत किया गया। रविवार को शहर की प्रतिष्ठित होटल उत्सव का प्रांगण किसी राजदरबार से कम नहीं लग रहा था। भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक नागरिक अभिनंदन एवं शपथ ग्रहण समारोह में पत्रकार, साहित्यकार, समाजसेवी, राजनेता और प्रबुद्धजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। शपथ अधिकारी वरिष्ठ पत्रकार जयवंत ठाकरे भोपाल ने मंच से जब उमेश जंगाले और राजेश जाधव को शपथ दिलाई, तो तालियों की गड़गड़ाहट ने यह सिद्ध कर दिया कि बुरहानपुर अपनी माटी के लाल के साथ खड़ा है। इस अवसर पर ऑल इंडिया सशक्त पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमेश जंगाले ने अपने उद्बोधन में कहा, "यह पद नहीं, दायित्व है। सत्य के लिए, पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण के लिए अंतिम सांस तक मेरी कलम निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ चलती रहेगी।" वहीं शपथ अधिकारी जयवंत ठाकरे ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार लिखने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की आवाज को शब्द देने, सत्य को सामने लाने और लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने का सशक्त माध्यम है। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश जाधव ने अपने उद्बोधन में पत्रकार एकता और निष्पक्ष पत्रकारिता को अपना ध्येय बताया।
नागरिक अभिनंदन ने बढ़ाया समारोह का गौरव
समारोह का सबसे भावपूर्ण क्षण वह रहा, जब शहरवासियों एवं पत्रकारो की ओर से दोनों पदाधिकारियों का नागरिक अभिनंदन किया गया। सम्मान, स्नेह और शुभकामनाओं से अभिभूत यह वातावरण व्यक्तिगत उपलब्धि से आगे बढ़कर समस्त पत्रकार समाज के सम्मान का प्रतीक बन गया।
नागरिक अभिनंदन में इन सामाजिक संस्थाओं, राजनीतिक संगठनों, पत्रकारों और प्रबुद्धजनों ने सम्मान किया
जिसमें जिला अध्यक्ष रिंकू टाक, कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष हर्षित ठाकुर गुरुद्वारा कमेटी अध्यक्ष शैली किर, मॉडर्न क्लब अध्यक्ष उपेंद्र जैन, मुक बधिर विद्यालय अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल, जॉयंट्स सहेली ग्रुप अध्यक्ष मंगला दुबे, मानव सेवा संस्था संस्थापक उषा अग्रवाल, अध्यक्ष देवचंद शर्मा, महिला अधिकार मंच अध्यक्ष प्रेमलता साकले, तेरे सुर मेरे गीत अध्यक्ष राज भावसार, मैक्सिवन क्लब अध्यक्ष डॉ. लारेब एजाज, गीत गाता चल अध्यक्ष पराग शुक्ला, कांग्रेस एवं अन्य गणमान्यजन शामिल रहे।समारोह का आयोजन कवि डॉ. रमेशचंद्र शर्मा, समाजसेवी सुनील सलूजा एवं समाजसेवी संजयसिंह शिंदे के आतिथ्य में स्नेह भोज के साथ अत्यंत भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ, निसंदेह, यह दिन बुरहानपुर के पत्रकारिता इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। इस अवसर पर सुनील सलूजा ने उपस्थित सभी प्रबुद्धजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन दिलीप कुमार मोरे ने किया।


