अद्भुत अनुपम... तकनीक युग में पुरातन परंपरा की अद्वितीय मिसाल

अद्भुत अनुपम... तकनीक युग में पुरातन परंपरा की अद्वितीय मिसाल

अद्भुत अनुपम... तकनीक युग में पुरातन परंपरा की अद्वितीय मिसाल

19 साल के युवा ने साधी वेदों की दुर्लभ साधना, इंदौर में वेदमूर्ति पं. देवव्रत रेखे का ऐतिहासिक अभिनंदन 15 नवम्बर क़ो

 हजारों ब्राम्हण समाजजन जुटेंगे, 2000 वेदपाठी बटुकों की मौजूदगी में निकलेगी शोभायात्रा; गांधी हॉल से राजवाड़ा होते हुए पोद्दार प्लाजा पहुंचेगी यात्रा

 इंदौर।एक ओर दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक के दौर में आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर भारतीय ज्ञान परंपरा का एक युवा साधक अपनी असाधारण स्मरण शक्ति और वर्षों की वैदिक साधना से इतिहास रच रहा है। महज 19 वर्ष की आयु में शुक्ल यजुर्वेद की अत्यंत कठिन मानी जाने वाली 'दण्डक्रम पारायण' विद्या सिद्ध करने वाले वेदमूर्ति पं. देवव्रत महेश रेखे का 15 नवंबर को इंदौर में भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, करीब 200 वर्षों बाद इस दुर्लभ वैदिक विद्या को सिद्ध करने वाले युवा के सम्मान में होने जा रहा यह आयोजन वैदिक परंपरा और ब्राह्मण समाज की सामूहिक सहभागिता का बड़ा अवसर बनेगा।

सम्पूर्ण ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में इंदौर सहित मालवा-निमाड़ के विभिन्न जिलों से 10 हजार से अधिक समाजजनों के पहुंचने की संभावना है। आयोजक विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त पं. योगेंद्र महंत हैं। कार्यक्रम में 50 से अधिक ब्राह्मण समाज के घटकों और संगठनों की सहभागिता रहेगी। खास बात यह होगी कि 2000 से अधिक वेदपाठी बटुक भी इसमें शामिल होंगे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होने वाला यह आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय ज्ञान, संस्कार और अध्ययन की परंपरा से जोड़ने का प्रयास भी होगा।

कठिन वैदिक विद्या, जिसमें क्रम के साथ उलटकर भी करना होता है मंत्रों का पाठ

पंडित योगेंद्र महंत ने बताया कि पं. देवव्रत रेखे की उपलब्धि इसलिए विशिष्ट है, क्योंकि दण्डक्रम पारायण को शुक्ल यजुर्वेद की आठ विकृतियों में अत्यंत जटिल पाठ पद्धति माना जाता है। इसमें मंत्रों के पदों का निर्धारित क्रम में पाठ करने के साथ उनके क्रम को उलटकर भी उसी शुद्धता और लय के साथ दोहराना होता है। इसमें स्मरण शक्ति के साथ उच्चारण, स्वर, एकाग्रता और निरंतर अभ्यास की बड़ी भूमिका रहती है। आयोजकों के अनुसार, पं. देवव्रत ने करीब 50 दिनों की कठिन साधना में इस विद्या को पूर्ण किया। उनकी इस उपलब्धि की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत सहित कई प्रमुख व्यक्तित्व कर चुके हैं।

गांधी हॉल से राजवाड़ा तक निकलेगी शोभायात्रा

सम्मान समारोह आयोजक पंडित योगेंद्र महंत अभिनंदन समारोह की शुरुआत 15 नवम्बर सुबह वैदिक साधना और ज्ञान विमर्श से होगी। इसके बाद गांधी हॉल से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा पालिका प्लाजा, किशनपुरा छतरी और ऐतिहासिक राजवाड़ा से होते हुए गांधी हॉल के पीछे स्थित पोद्दार प्लाजा पहुंचेगी। इसमें समाज के विभिन्न संगठनों, वेदपाठी बटुकों और समाजजनों की सहभागिता रहेगी। शोभायात्रा के बाद विभिन्न ब्राह्मण संगठनों और समाज के वरिष्ठजनों द्वारा पं. देवव्रत रेखे का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।

 ज्ञान विमर्श में वैदिक अध्ययन और स्मृति की शक्ति पर चर्चा

कार्यक्रम में केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि वैदिक ज्ञान और साधना के महत्व पर विचार-विमर्श भी होगा। 15 नवम्बर क़ो सुबह 7 बजे श्री गुरु पादुका पूजन, मंत्र जप और श्री सरस्वती साधना के साथ आयोजन शुरू होगा। सुबह 9 बजे सारस्वत सत्र में पं. देवव्रत रेखे ब्राह्मणत्व एवं वैदिक अध्ययन के महत्व पर विचार रखेंगे। ऋषिहुड विश्वविद्यालय के मानव विकास केंद्र के निदेशक डॉ. संपदानंद मिश्र अवधानकला यानी स्मरण शक्ति और एकाग्रता की साधना पर व्याख्यान देंगे। वेदमूर्ति पं. उमेश शर्मा का विषय 'वेदोखिलो धर्ममूलम्' रहेगा। दोपहर 12.30 बजे अभिनंदन समारोह और महाप्रसाद का आयोजन होगा।

 नई पीढ़ी को वैदिक परंपरा से जोड़ने की पहल

आयोजक पंडित योगेंद्र महंत ने बताया कि ने समाजजनों से सपरिवार पारंपरिक परिधान में शामिल होने की अपील की है। पुरुषों से धोती, कुर्ता और पारंपरिक वेशभूषा तथा मातृशक्ति से मंगलवेश में आने का आग्रह किया गया है। व्यवस्थाओं के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से अग्रिम पंजीयन की व्यवस्था रखी गई है। आयोजन का उद्देश्य केवल एक युवा वैदिक साधक का सम्मान करना नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं को यह बताना भी है कि भारतीय ज्ञान परंपरा में स्मरण शक्ति, अनुशासन, साधना और गुरु-शिष्य परंपरा का कितना महत्वपूर्ण स्थान रहा है।