चार घोड़ों के रथ पर सवार होकर निकलेंगे वेदमूर्ति देवव्रत रेखे, बैंड-बाजे और वैदिक ऋचाओं से गूंजेगा इं
चार घोड़ों के रथ पर सवार होकर निकलेंगे वेदमूर्ति देवव्रत रेखे, बैंड-बाजे और वैदिक ऋचाओं से गूंजेगा इंदौर
*15 नवंबर को सनातन धर्म और वैदिक परंपरा का ऐतिहासिक उत्सव; संत-महात्माओं के सानिध्य में सैकड़ों बटुकों की सहभागिता, हजारों ब्राह्मण समाजजन बनेंगे साक्षी; 50 से अधिक ब्राम्हण संगठनों ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का लिया संकल्प*
इंदौर।सनातन धर्म और भारतीय ज्ञान परंपरा के लिए गौरव का क्षण होगा, जब 19 वर्षीय वेदमूर्ति पं. देवव्रत महेश रेखे के ऐतिहासिक अभिनंदन का साक्षी इंदौर बनेगा। शुक्ल यजुर्वेद की अत्यंत कठिन दण्डक्रम पारायण विद्या सिद्ध करने वाले युवा वेद साधक का 15 नवंबर को भव्य ऐतिहासिक अभिनंदन किया जाएगा। चार घोड़ों के विशेष रथ पर विराजित होकर निकलने वाली शोभायात्रा में बैंड-बाजे, घोड़े-बग्घी, संत-महात्माओं और सैकड़ों वेदपाठी बटुकों की सहभागिता रहेगी। हजारों ब्राह्मण समाजजन इस ऐतिहासिक अवसर पर अपना सानिध्य प्रदान करेंगे। वैदिक ऋचाओं और संस्कृत के श्लोकों से शहर का वातावरण धर्ममय होगा। 50 से अधिक ब्राह्मण समाज के संगठनों और घटकों ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया है।
विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त पं. योगेंद्र महंत के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में इंदौर सहित मालवा-निमाड़ और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों समाजजनों के पहुंचने की संभावना है। शोभायात्रा में सैकड़ों वेदपाठी बटुक पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर वैदिक मंत्रोच्चार करेंगे। संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, विद्वानों और ब्राह्मण समाज के विभिन्न घटकों की मौजूदगी आयोजन को विशिष्ट स्वरूप देगी।
*ब्राह्मण संगठनों की बैठक में आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प*
समारोह की तैयारियों को लेकर इंदौर प्रेस क्लब में ब्राह्मण समाज के विभिन्न घटकों, संगठनों और पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें पं. योगेंद्र महंत ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह केवल एक युवा वेद साधक का सम्मान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, वेदों और भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण के लिए गौरव का अवसर है। इंदौर इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनेगा। समाज के सभी घटक एकजुट होकर आयोजन को सामूहिक उत्सव का स्वरूप दें।उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को सुबह गांधी हॉल परिसर में समाजजनों का एकत्रीकरण होगा। यहां से बैंड-बाजे, घोड़े-बग्घी और चार घोड़ों के विशेष रथ के साथ भव्य शोभायात्रा निकलेगी। इसमें संत-महात्मा, धर्माचार्य, विद्वान, सैकड़ों बटुक और ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। हजारों समाजजनों की सहभागिता से यह आयोजन इंदौर में वैदिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का बड़ा उदाहरण बनेगा। बैठक में उपस्थित सभी संगठनों ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने और अधिकाधिक समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।बैठक में पं. चंद्रमोहन दुबे, पं. दिनेश शर्मा (विद्याधाम), पं. रामप्रकाश शर्मा (प्रभुजी), पं. संदीप जोशी (युवा संगठन), पं. त्रिपुरालाल शर्मा, पं. सुभाष दुबे (सरयू पारी ब्राह्मण समाज), पं. संदीप जोशी (गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज), श्रीमती अर्पणा जोशी, पं. अनूप शुक्ला (परशुराम सेना), श्रीमती रजनी पांडे, श्रीमती नीता शर्मा पंडित विजय अड़ीचवाल,श्रीमती रेखा त्रिपाठी, पं. विजय हरिद्वार, पं. सुरेश शर्मा, पं. धर्मेंद्र जोशी, एडवोकेट डी.जे. मिश्रा, पं. सुरेश पाठक और पं. अनंत महंत सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।, इस अवसर पऱ दुर्लभ जानकारी से युक्त एक पोस्ट का विमोचन भी किया.संचालन पं. गोपाल पुजारी बैरागी ने किया तथा आभार पं. अशोक चतुर्वेदी ने माना।
*19 साल की उम्र में हासिल की दुर्लभ वैदिक साधना*
पं. देवव्रत रेखे की उपलब्धि इसलिए विशिष्ट है, क्योंकि उन्होंने महज 19 वर्ष की आयु में शुक्ल यजुर्वेद की कठिन दण्डक्रम पारायण विद्या सिद्ध की है। इसे वेदों की आठ विकृतियों में अत्यंत जटिल पाठ पद्धतियों में गिना जाता है। इसमें मंत्रों के पदों का निर्धारित क्रम में पाठ करने के साथ उनके क्रम को उलटकर भी उसी शुद्धता, स्वर और लय के साथ दोहराना होता है। इसके लिए असाधारण स्मरण शक्ति, एकाग्रता, उच्चारण की शुद्धता और निरंतर अभ्यास की आवश्यकता होती है। आयोजकों के अनुसार, पं. देवव्रत ने करीब 50 दिनों की कठिन साधना में इस विद्या को पूर्ण किया। लगभग 200 वर्षों बाद इस दुर्लभ वैदिक परंपरा में ऐसी उपलब्धि हासिल करने वाले युवा के रूप में उनका अभिनंदन किया जा रहा है।
*सुबह वैदिक साधना, फिर शोभायात्रा और ऐतिहासिक अभिनंदन*
15 नवंबर को सुबह 7 बजे श्री गुरु पादुका पूजन, मंत्र जप और श्री सरस्वती साधना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। सुबह 9 बजे सारस्वत सत्र आयोजित होगा। इसमें वेदमूर्ति पं. देवव्रत रेखे ब्राह्मणत्व एवं वैदिक अध्ययन के महत्व पर विचार रखेंगे। ऋषिहुड विश्वविद्यालय के मानव विकास केंद्र के निदेशक डॉ. संपदानंद मिश्र अवधानकला अर्थात स्मरण शक्ति और एकाग्रता की साधना पर व्याख्यान देंगे। वेदमूर्ति पं. उमेश शर्मा का व्याख्यान 'वेदोखिलो धर्ममूलम्' विषय पर होगा।
इसके बाद गांधी हॉल से भव्य शोभायात्रा निकलेगी। चार घोड़ों के रथ पर विराजित वेदमूर्ति पं. देवव्रत रेखे के साथ बैंड-बाजे, घोड़े-बग्घी, संत-महात्मा, सैकड़ों बटुक और हजारों समाजजन शामिल होंगे। यात्रा पालिका प्लाजा, किशनपुरा छतरी और ऐतिहासिक राजवाड़ा से होते हुए पोद्दार प्लाजा पहुंचेगी। रास्तेभर वैदिक मंत्रोच्चार और संस्कृत श्लोकों से वातावरण गुंजायमान रहेगा। दोपहर 12.30 बजे मुख्य अभिनंदन समारोह और महाप्रसाद का आयोजन होगा।
*नई पीढ़ी को वेद और संस्कारों से जोड़ने की पहल*
पं. योगेंद्र महंत ने समाजजनों से सपरिवार पारंपरिक परिधान में शामिल होने की अपील की है। पुरुषों से धोती-कुर्ता और पारंपरिक वेशभूषा तथा मातृशक्ति से मंगलवेश में आने का आग्रह किया गया है। व्यवस्थाओं के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से अग्रिम पंजीयन की सुविधा भी रखी गई है। आयोजन का उद्देश्य केवल एक युवा वैदिक साधक का सम्मान करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को वेद, संस्कार, स्मरण शक्ति, अनुशासन, साधना और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व से परिचित कराना भी है।


