छह दिन तक एमजीएम में बिखरी प्रतिभाओं की छटा, ‘निर्वाणा-2026’ का डिनर और डीजे नाइट के साथ समापन
छह दिन तक एमजीएम में बिखरी प्रतिभाओं की छटा, ‘निर्वाणा-2026’ का डिनर और डीजे नाइट के साथ समापन
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के वार्षिकोत्सव में खेल, कला, साहित्य, फैशन और संगीत की गतिविधियों ने बांधा समां, विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा
इंदौर। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज, इंदौर का छह दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘निर्वाणा-2026’ गुरुवार को आर्ट एग्जिबिशन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, डीजे नाइट और डिनर के साथ संपन्न हुआ। 21 से 26 नवंबर तक आयोजित इस वार्षिकोत्सव में मेडिकल विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उत्साह के अलग-अलग रंग देखने को मिले। छह दिनों तक कॉलेज परिसर में खेल, कला, साहित्य, फैशन और सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
वार्षिकोत्सव के दौरान संगम, अलंकार, सृजन, आवाहन और नवरस समितियों के माध्यम से डिबेट, क्विज, ओपन माइक, ट्रेजर हंट, मॉक पार्लियामेंट, मेहंदी, टैटू, आर्ट, कैरम और सिंगिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मॉक पार्लियामेंट में इच्छामृत्यु जैसे संवेदनशील विषय पर विद्यार्थियों ने पक्ष-विपक्ष में अपने विचार रखे। इसमें सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता तनुज दीक्षित मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ‘रनवे रिदम्स’ विशेष आकर्षण रहा। ‘पेटल्स एंड पैनाश’ फैशन प्रतियोगिता में अनन्या गौड़ को मिस एमजीएम और स्वप्निल गवांडे को मिस्टर एमजीएम चुना गया। वहीं मिस्टी साहू को फीमेल शोस्टॉपर, रणवीर चौहान को मेल शोस्टॉपर, वंशिका बोरासी को स्टाइल आइकन फीमेल और हेमांग नागदा को स्टाइल आइकन मेल का खिताब मिला। ‘एमजीएम गॉट टैलेंट’ में डॉ. आदित्य लोचब प्रथम और विकर्ण कोरी द्वितीय रहे। कार्यक्रम में आकाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
समापन दिवस पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की आर्ट एग्जिबिशन लगाई गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने डांस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। शाम को डीजे नाइट और विशेष डिनर के साथ छह दिवसीय उत्सव का यादगार समापन हुआ।
इस अवसर पर कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने आयोजन की सफलता पर सभी फैकल्टी मेंबर्स, प्रोफेसर्स और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने आयोजन में सभी के सहयोग और सहभागिता की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।


