संविधान भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है-अर्चना चिटनिस

संविधान भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है-अर्चना चिटनिस

संविधान भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है-अर्चना चिटनिस


बुरहानपुर। 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुरहानपुर में भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहेब के त्याग, संघर्ष, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि 26 नवंबर 1949 का दिन भारतीय इतिहास में अत्यंत गौरवशाली और ऐतिहासिक महत्व रखता है। इसी दिन संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। हमारा संविधान महज एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने विविधताओं से भरे देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्य हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा हैं। संविधान सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और प्रत्येक वर्ग के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करता है। विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में संविधान की भावना के अनुरूप सभी नागरिकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान निर्माण में योगदान अतुलनीय है। उनके दूरदर्शी विचारों, गहन अध्ययन और सामाजिक न्याय के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ने देश को एक ऐसी संवैधानिक व्यवस्था प्रदान की, जो प्रत्येक नागरिक को समानता और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देती है। उनका संघर्ष और विचार आज भी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान, अधिकार और अवसर दिलाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने का संदेश देता है। संविधान में निहित आदर्शों को केवल शब्दों तक सीमित न रखते हुए अपने व्यवहार और जीवन में अपनाना आवश्यक है। हम सभी का सामूहिक संकल्प होना चाहिए कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूत बनाएंगे। यही बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, चिंतामन महाजन, ईश्वर चौहान, कैलाश पारीक, राजकुमार वाघ, रुद्रेश्वर एंडोले, आशीष शुक्ला, धनराज महाजन, चिंटू राठौड़, अक्षय मोरे, भगवानदास चंचालानी, निलेश सोनी, विजय राठौड़, गुड्डू आसरे एवं कुणाल रावाये सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहे।