अन्नपूर्णा मन्दिर में भी सवा लाख से अधिक भक्तों ने पहुंचकर किए मातारानी के दर्शन
अन्नपूर्णा मन्दिर में भी सवा लाख से अधिक भक्तों ने पहुंचकर किए मातारानी के दर्शन
इंदौर, । शहर के प्रमुख आस्था केंद्र अन्नपूर्णा मंदिर पर अंग्रेजी नववर्ष की पहली सुबह से देर रात तक करीब सवा लाख भक्तों ने माँ अन्नपूर्णा की शरण में पहुंचकर पूजा, अर्चना एवं प्रार्थना की। मंदिर के अधिष्ठाता महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सानिध्य में मंदिर पर सुबह से भक्तों की सुविधा के लिए अनेक प्रबंध किए गए थे। बैरीकेडिंग के साथ ही दिनभर प्रसाद वितरण का सिलसिला भी चलता रहा। मंदिर के संचालक स्वामी जयेंद्रानंद गिरि एवं न्यासी श्याम सिंघल ने बताया कि मातारानी का इस अवसर पर विशेष श्रृंगार कर उन्हें ५३ भोग समर्पित किए गए। भक्तों के आगमन का क्रम सुबह 6 बजे से ही शुरू हो गया था जो मध्यरात्रि तक चलता रहा। शाम को महाआरती में भी मंदिर के न्यासी टीकमचंद गर्ग, पवन सिंघानिया, दिनेश मित्तल, श्याम सिंघल, सत्यनारायण शर्मा, सुनील गुप्ता, विष्णु बिंदल सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर पर सुबह से शाम तक भक्तों की कतारें लगातार लगी रहीं। भक्तों के सहयोग से सभी के लिए प्रसाद वितरण का क्रम भी निरंतर चलता रहा।



