शानदार आगाज: विद्यासागर स्कूल की 35वीं वर्षगांठ पर 'कोरल ईयर' का भव्य शुभारंभ
शानदार आगाज: विद्यासागर स्कूल की 35वीं वर्षगांठ पर 'कोरल ईयर' का भव्य शुभारंभ
साल भर आयोजित होंगे 35 विशेष कार्यक्रम, नया लोगो और 'टाइम कैप्सूल' बना आकर्षण का केंद्र
इंदौर। इंदौर के प्रतिष्ठित विद्यासागर स्कूल ने अपनी 35वीं वर्षगांठ के गौरवशाली अवसर पर शुक्रवार को 'कोरल ईयर' उद्घाटन समारोह का अत्यंत उत्साह के साथ शुभारंभ किया। संस्थान की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए विद्यालय द्वारा इस पूरे वर्ष 35 विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
*परंपरा और आधुनिकता का संगम*
इंदौर। कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक भव्यता का गवाह बना, बल्कि विद्यालय की दूरदर्शी सोच और समृद्ध परंपराओं का सुंदर संगम भी रहा। समारोह का आरंभ विशिष्ट अतिथियों और विद्यालय के पूर्व शिक्षकों के सत्कार से हुआ। विद्यार्थियों के मधुर स्वागत गीत, दीप प्रज्वलन और श्लोक वाचन ने वातावरण में सकारात्मकता का संचार किया। इस अवसर पर एक विशेष ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के जरिए विद्यालय की 35 वर्षों की यात्रा और भविष्य के लक्ष्यों को प्रदर्शित किया गया।
*नए लोगो का अनावरण...*
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के नए लोगो का अनावरण रहा। स्कूल प्रिंसिपल भावना पुजारी द्वारा प्रस्तुत यह नया लोगो संस्थान की आधुनिक पहचान और प्रगतिशील दिशा को दर्शाता है।
*नन्हे सितारों की प्रस्तुति ने मोहा मन*
प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता से सबका दिल जीता, वहीं शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति ने समारोह में कलात्मक सौंदर्य बिखेरा। आयोजन की सबसे अनूठी पहल टाइम कैप्सूल रही। इसके माध्यम से ब्रह्मलीन श्रद्धेय रामेश्वर जी पटेल की पावन स्मृतियों को संजोते हुए, विद्यालय के भविष्य के संकल्पों को सुरक्षित किया गया। इस अवसर पर राधेश्याम जी पटेल एवं सत्यनारायण जी पटेल ने अपने प्रेरणादायक विचारों से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और विद्यालय की निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक समन्वयक रचना जैन ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।


