रेट्रो गरबा सीजन 12 में तीन रातों तक छाया उत्साह, संगीत और नृत्य का दिखा अनूठा संगम
रेट्रो गरबा सीजन 12 में तीन रातों तक छाया उत्साह, संगीत और नृत्य का दिखा अनूठा संगम
इंदौर। इंदौर के द चंद्र लीला गार्डन, निपानिया में 16 से 18 अक्टूबर तक आयोजित रेट्रो गरबा सीजन 12 में तीन दिनों तक गरबा, संगीत और उत्सव का शानदार माहौल देखने को मिला। वन्या’स डांस प्लैनेट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक गरबा और पुराने गीतों की धुनों ने प्रतिभागियों में खास उत्साह जगाया।
आयोजक एवं वन्या’स डांस प्लैनेट की संस्थापक निधि अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में गरबा कर आयोजन को यादगार बनाया। ढोल की थाप, संगीत की धुनों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी ने गरबे के इस खास आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
11 वर्षों की यात्रा, 12वां सत्र
गरबा आयोजन के क्षेत्र में 11 वर्षों की यात्रा पूरी करने के बाद रेट्रो गरबा अपने 12वें सत्र में पहुंचा। इस दौरान परंपरा, संगीत और आधुनिक आयोजन शैली का सुंदर मेल देखने को मिला। आयोजन में परिवार-केंद्रित वातावरण, प्रतिभागियों की सुविधा और व्यवस्थित व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
बच्चों और बड़ों के लिए आयोजित अभ्यास सत्रों तथा इंदौर में पांच अलग-अलग अभ्यास स्थलों के विकल्प ने प्रतिभागियों को अपनी सुविधा के अनुसार गरबा सीखने और तैयारी करने का अवसर दिया।
निधि अग्रवाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, परिवारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेट्रो गरबा का उद्देश्य केवल नृत्य का मंच प्रदान करना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामूहिक उत्सव की भावना को आगे बढ़ाना भी है।
रेट्रो गरबा सीजन 12 ने एक बार फिर इंदौर में गरबा प्रेमियों को संगीत, संस्कृति और उत्साह से जुड़ने का यादगार अवसर प्रदान किया।


