भाजपा कार्यालय स्थित उनकी प्रतिमा पर भाजपा नेताओं ने किया माल्यार्पण
राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती
भाजपा कार्यालय स्थित उनकी प्रतिमा पर भाजपा नेताओं ने किया माल्यार्पण
पार्टी के विस्तार में राजमाता सिंधिया का महत्त्वपूर्ण योगदान - सुमित मिश्रा
इंदौर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संस्थापकों में से एक, राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती के अवसर पर आज भाजपा कार्यालय स्थित उनकी प्रतिमा पर भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, सुधीर कोल्हे, मोहित वर्मा, दीपांश खण्डेलवाल, कंचन गिदवानी, श्रेष्ठा जोशी आदि ने माल्यार्पण कर उनके कार्यों का स्मरण किया।
इस दौरान नेताओं ने भाजपा और उसके वैचारिक संगठन जनसंघ के लिए किए गए राजमाता के ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कार्यों का विशेष रूप से उल्लेख किया।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि राजमाता सिंधिया ने उस दौर में भारतीय जनसंघ और भाजपा को खड़ा करने में अपनी केंद्रीय भूमिका निभाई, जब देश में कांग्रेस का एकछत्र राज था। उन्होंने अपने महलों के जीवन को छोड़कर संगठन की नींव को मजबूत करने के लिए राष्ट्रव्यापी दौरा किया। आपातकाल (इमरजेंसी) के दौरान उन्होंने भारी यातनाएं झेलीं और जेल भी गईं, लेकिन अपने सिद्धांतों और विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। राजमाता ने महलों के वैभव से निकलकर जन-कल्याण और अंत्योदय (समाज के अंतिम व्यक्ति का उदय) के संकल्प को अपना जीवन बनाया। उन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि भाजपा जिस विशाल वटवृक्ष के रूप में खड़ी है, उसकी जड़ों को सींचने का काम राजमाता विजयाराजे सिंधिया के त्याग, तपस्या और अथक परिश्रम ने ही किया है। उनका जीवन और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।


